नागौर
देश के चर्चित बुल्ली बाई ऐप का कनेक्शन अब राजस्थान से निकला है। इस ऐप को डवलप करने वाला मास्टर माइंड 21 साल का नीरज विश्नोई नागौर के रोटू गांव का रहने वाला है। नीरज इंजीनियरिंग स्टूडेंट है, जो इस ऐप के जरिए महिलाओं की ऑनलाइन बोली लगवाता था। असम के जोरहाट से नीरज को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार कर दिल्ली कोर्ट में पेश किया है। वहीं कोर्ट ने पुलिस को इस मामले में नीरज के ठिकानों की तलाशी लेने की परमिशन भी दे दी है।
दिल्ली पुलिस के DCP KPS मल्होत्रा ने बताया कि नागौर के रोटू गांव का रहने वाला नीरज अपने जन्म के बाद से ही अपने परिवार के साथ असम के जोरहाट में रह रहा था। अभी हाल ही में नवंबर महीने में अपने परिवार में किसी शादी में शामिल होने राजस्थान भी आया था। फिलहाल नागौर पुलिस इस मामले से पूरी तरह अनजान दिखाई दे रही है। इन्वेस्टिगेशन में खुलासा हुआ है कि नीरज ने ही बुल्ली बाई ऐप बनाया था। इस ऐप और इससे जुड़े अन्य ट्विटर हैंडल भी नीरज ने ही बनाए थे। नीरज वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी ( VIT), भोपाल में B.Tech स्टूडेंट था। मामला सामने आने के बाद यूनिवर्सिटी मैंनेजमेंट ने उसे सस्पेंड कर दिया है।