हनुमानगढ़
भाखड़ा रेगुलेशन कमेटी की बैठक शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर नथमल डिडेल की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में हनुमानगढ़ विधायक चौधरी विनोद कुमार, संगरिया विधायक गुरदीप सिंह शाहपीनी, जिला प्रमुख कविता मेघवाल, पंचायत समिति प्रधान प्रतिनिधि दयाराम जाखड़ सहित सिंचाई विभाग के अधिकारियों व किसान प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
किसान प्रतिनिधि बीके अध्यक्ष विनोद कड़वासरा ने बताया कि फरवरी माह में गेहूं की पकाई के लिए पानी की आवश्यकता है और जनवरी माह में बारिश के कारण पानी फसलों को मिल चुका है। बैठक में किसान प्रतिनिधियों की सहमति से 28 जनवरी तक चलने वाले रेगुलेशन को 12 जनवरी तक रखने और फरवरी महीने में 2 फरवरी से 18 फरवरी तक 1200 क्यूसेक पानी स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया। 12 जनवरी से 1 फरवरी तक नहरबंदी रखने और वार प्रभावित न होने के लिए 2 फरवरी से दोबारा रेगुलेशन जारी करना तय किया गया ताकि वारों की दुविधा किसानों को नहीं रहे।
पंचायत समिति प्रधान प्रतिनिधि दयाराम जाखड़ ने कहा कि इस तरह की व्यवस्था भाखड़ा में पहली बार हुई है। जहां विधायक व कलेक्टर की मध्यस्ता से सिंचाई विभाग के अधिकारियों व नहर अध्यक्षों के साथ बैठक कर सूझबूझ से रेगुलेशन को व्यवस्थित ढंग से तैयार किया गया। इससे बम्पर बिजाई हुई सरसों की फसल को 2 बारी पानी मिल गया और गेहूं की बिजाई के लिए 1 बारी पानी मिला। दूसरे पानी के रूप में बारिश का पानी मिला। 2 फरवरी से 18 फरवरी तक उक्त पानी का सही उपयोग गेहूं को तीसरे पानी के लिए उपयोग में लेकर किया जा सकेगा। बैठक में भाखड़ा के बागों के लिए नहरबंदी के दौरान भविष्य में पानी की डिग्गियां भरवाने का भी निर्णय लिया गया। इसके लिए कृषि व सिंचाई विभाग के अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए।