Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

कमरे की छत्त गिरी, 14 वर्षीय बालिका की मौत

  • टाउन के सोरगर मोहल्ले की घटना
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    टाउन के सोरगर मोहल्ले में भारत माता चौक के पास बुधवार सुबह कच्चे कमरे की छत्त गिरने से 14 वर्षीय बालिका की मौत हो गई। हादसे के समय मृतका कमरे में सो रही थी। जबकि उसकी मां, भाई व बड़ी बहन कमरे से बाहर थे। बताया जा रहा है कि पिछले दिनों हुई बारिश के बाद कमरे की छत्त जर्जर हो गई थी। पार्षद प्रतिनिधि बरकत अली ने बताया कि पिछले दिनों हुई बारिश के बाद बुधवार सुबह वार्ड नम्बर 47, सोरगर मोहल्ले में रामपाल सोरगर के कच्चे कमरे की छत्त गिर गई। उस समय रामपाल की पत्नी पुष्पा रानी अपने बेटे के साथ चाय बनाने के लिए कमरे से बाहर आई थी। बड़ी बेटी भी उस समय कमरे से बाहर थी। कमरे में सो रही रामपाल की 14 वर्षीय बेटी सृष्टि की मलबे तले दबने से गम्भीर चोट लगने के चलते मौत हो गई। उन्होंने बताया कि सृष्टि के पिता रामपाल की भी करीब 5-6 पहले मौत हो चुकी है। परिवार दिहाड़ी-मजदूरी कर पालन-पोषण करता है। सरकार व प्रशासन से मांग है कि आर्थिक रूप से कमजोर रामपाल के परिवार की मदद की जाए। मृतका सृष्टि के चचेरे भाई पवन कुमार ने बताया कि जिस समय छत्त गिरी, उस समय वह घर पर नहीं था। करीब सात बजे उसके पास फोन आया कि उसके ताऊ रामपाल के घर कमरे की छत्त गिर गई है। वह मौके पर पहुंचा और मोहल्ले के लोगों के सहयोग से मलबे में दबी सृष्टि को बाहर निकाल जिला अस्पताल लेकर गए। चिकित्सकों ने जांच के बाद कहा कि किशोरी की करीब आधे पहले ही मौत हो चुकी थी। उधर, इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोक कर बुरा हाल हो गया। सृष्टि की मां सुधबुध खो बैठी। मृतका का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *