नई दिल्ली
क्रिप्टो बाजार को बेहद ही अस्थिरता भरा कारोबार माना जाता है, जहां एक पल में ही निवेश करने वाला बुलंदी पर पहुंच जाता है और एक झटके में जमीन पर भी गिर जाता है। इस बीच क्रिप्टोकरेंसी का एक ऐसा ही कमाल का मामला सामने आया है। जहां एक शख्स ने अपना घर बेचकर क्रिप्टोकरेंसी में निवेश किया और आज एशिया का सबसे अमीर व्यक्ति बन गया। जी हां, हम बात कर रहे हैं बिनांस के सीईओ चांगपेंग झाओ की जिन्होंने संपत्ति के मामले में मुकेश अंबानी को पछाड़ दिया है।
96.5 अरब डॉलर की संपत्ति के मालिक
चांगपेंग झाओ, जो क्रिप्टो एक्सचेंज बिनांस को संचालित करते हैं, दुनिया के शीर्ष अरबपतियों की श्रेणी में शामिल हो गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को झाओ की अनुमानित कुल संपत्ति कम से कम 96.5 अरब डॉलर है। इस आंकड़े के साथ बिनांस सीईओ झाओ की कुल दौलत अब ओरेकल के संस्थापक लैरी एलिसन के ठीक नीचे है और मुकेश अंबानी से आगे निकल गई है।