जयपुर
डिस्कॉम से रिटायर 85 साल के चीफ इंजीनियर से ठगी का मामला सामने आया है। रिटायर्ड चीफ इंजीनियर की दोस्ती कुछ महीने पहले इटली की एक महिला से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती इतनी बढ़ गई कि फोन पर बात होने लगी। इसका फायदा उठा महिला ने करोड़ों रुपए के गिफ्ट भेजने का झांसा दिया। रिटायर अधिकारी भी झांसे में आ गए। ठगों ने कूरियर चार्ज और अलग-अलग फीस के नाम 20 लाख रुपए की ठगी कर ली। जब उन्हें इसके बारे में पता चला तो सोडाला थाने में मामला दर्ज कराया।
सोड़ाला थाना अधिकारी सतपाल सिंह ने बताया कि अचरोल हाउस कॉलोनी निवासी रिटायर्ड चीफ इंजीनियर दलीप सिंह ने बताया कि कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर इटली निवासी महिला एनालिसा थॉमसन से उनकी दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच में चैटिंग होने लगी। इटली की महिला ने भारत घूमने की इच्छा जाहिर की। महिला ने बताया कि वह उनके लिए करोड़ों रुपए का गिफ्ट भेज रही है, जिसे देखकर दिलखुश हो जाएगा। महिला ने अगस्त 2021 में गिफ्ट भेजने का झांसा दिया।