श्रीगंगानगर (सीमा सन्देश)। वार्ड नं. 49 में श्रीराम वाटिका व संजीवनी वाटिका में ओपन एयर जिम की स्थापना की गई है। इसका लोकार्पण विधायक राजकुमार गौड़ ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गंगानगर में तेज गति से हो रहे विकास कार्यों के साथ-साथ आमजन का स्वास्थ्य अच्छा रहे, वे निरोगी हों इस बात को लेकर पार्कों का सौंदर्यकरण व ओपन जिम जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। आमजन को शुद्ध हवा व अच्छा वातावरण मिले, इसे लेकर पार्कों का विकास किया जा रहा है, वहीं पर कई पार्कों में ओपन एयर जिम स्थापित किये गये हैं, जिससे मोहल्ले के नागरिक जिम का लाभ उठा सकेंगे। श्रीगंगानगर में निर्माण व विकास कार्य तेज गति से किये जा रहे हैं। अभी श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ और राजकीय लॉ कॉलेज से लेकर तीन पुली तक सड़क का निर्माण प्रारंभ किया गया है। एसएससी से लेकर गंगनहर तक रोड लाइट का उद्घाटन किया गया। गंगानगर में मेडिकल कॉलेज, कृषि महाविद्यालय व अब नर्सिंग कॉलेज भी प्रारंभ होने जा रहे हैं। तीन साल में तीन कॉलेज गंगानगर को मिल चुके हैं। पार्षद अशोक मुंजराल, रमेश सोनी, मोहनलाल सेठी, विकास गौड़, विष्णु अग्रवाल, राजकुमार कपूर, प्रेम मक्कड़, अजय बंसल सहित मोहल्लावासी उपस्थित थे।