श्रीगंगानगर
कोरोना की तीसरी लहर में वीकेंड कर्फ्यू का रविवार को मिलाजुला असर नजर आया। मुख्य बाजारों में आवाजाही बेहद कम रही वहीं शहर के अंदरूनी इलाकों और कॉलोनियों में लाेग आसानी से सड़कों पर दिखे। अलग-अलग चौराहों पर पुलिस बल तैनात था लेकिन बहुत ज्यादा सख्ती नजर नहीं आ रही थी। लोगों को घरों में रहने के लिए दबाव नहीं बनाया जा रहा था।
ब्लॉक एरिया में आवाजाही सामान्य
शहर के ब्लॉक एरिया में आवाजाही मुख्य बाजारों के मुकाबले ज्यादा थी। सुखाड़िया सर्किल इलाके में वाहनों की संख्या अन्य इलाकों के मुकाबले ज्यादा रही। वहीं इंदिरा कॉलोनी, सूरतगढ़ रोड, पुरानी आबादी, बस स्टैंड रोड, सुखाड़िया मार्ग आदि पर लोगों की आवाजाही ज्यादा थी। बस स्टैंड के आसपास तो लोगों के ग्रुप ही नजर आ रहे थे।
कुछ जगह नजर आए पुलिसकर्मी
वीकेंड कर्फ्यू के मद्देनजर जगह-जगह पुलिसकर्मी तैनात होने के पुलिस के दावे के बावजूद शहर के कुछ चौराहों पर ही पुलिसकर्मी दिखे। गोल बाजार, सुखाड़िया सर्किल, रवींद्र पथ सहित कुछ इलाकों में तो पुलिसकर्मी थे। इसके अलावा ब्लॉक एरिया, इंदिरा कॉलोनी, सुखाड़िया मार्ग सहित अन्य इलाकों में कम ही पुलिसकर्मी दिखे।