Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

जेल स्टाफ व बंदियों के बूस्टर डोज लगवाने के निर्देश

  • एडीजे ने किया जिला कारागृह का निरीक्षण
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर की ओर से जारी स्टेट एक्शन प्लान की अनुपालना के क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश संदीप कौर ने जिला कारागृह का निरीक्षण किया गया। कारागृह में निरुद्ध कोविड-19 से ग्रसित बंदियों के बारे में मौजूद जेल के उप कारापाल मोहम्मद इकबाल भाटी से जानकारी ली। कारागृह में नियुक्त अधिकारियों-स्टॉफ व निरुद्ध बंदियों के वैक्सीनेशन के निर्देश दिए। साथ ही 60 साल से अधिक आयु के जिन बंदियों के दोनों डोज लग चुकी है एवं उनके बूस्टर डोज का समय हो गया है तो उन्हें शीघ्र बूस्टर डोज लगवाने के लिए निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान कोविड-19 के संबंध में राज्य सरकार की ओर से बनाई गई एसओपी की पालना करने तथा निरुद्ध बंदियों को कोरोना वायरस संक्रमण से सुरक्षित रखने तथा कारागृह परिसर में पूर्ण स्वच्छता रखने के लिए भी एडीजे संदीप कौर की ओर से जेल अधिकारियों को निर्देशित किया गया। जिला कारागृह के निरीक्षण के दौरान कारागृह का वातावरण स्वच्छ पाया गया। कारागृह में निरुद्ध बंदियों से वार्ता की गई। जिला कारागृह में बंदियों को जेल मेन्युअल के अनुसार मिलने वाली सुविधाओं आदि के संबंध में पूछने पर उनकी ओर से किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं होना जाहिर किया। निरीक्षण के दौरान शिकायत पेटिका की भी जांच की गई। बंदियों को नि:शुल्क विधिक सहायता, धारा 436ए के तहत जमानत का लाभ प्राप्त करने आदि के संबंध में विधिक जानकारी प्रदान की गई।