Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

अब चुप नहीं बैठेंगे शहर के नागरिक

  • 52वें दिन भी जारी रहा संघर्ष समिति का बेमियादी धरना
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    टाउन के जिला अस्पताल को राजकीय मेडिकल कॉलेज से सम्बद्ध बेस अस्पताल बना उसे यथावत टाउन में ही रखने की मांग को लेकर जिला अस्पताल बचाओ संघर्ष समिति का बेमियादी धरना रविवार को 52वें दिन भी जारी रहा। जिला अस्पताल के समक्ष जारी धरने पर रविवार को समिति सदस्य वीकेंड कर्फ्यू के कारण कोरोना गाइड लाइन की पालना करते हुए बैठे। इस मौके पर संघर्ष समिति सदस्य सुशील जैन ने कहा कि बेमियादी धरने को 52 दिन हो गए हैं परन्तु सरकार पर संघर्ष समिति के आन्दोलन का कोई असर नहीं हो रहा। संघर्ष समिति सदस्य चाहते हैं कि सरकार उनकी उचित मांग को मानते हुए टाउन के जिला अस्पताल को बेस अस्पताल मानते हुए इसका विस्तार करे। इसे जंक्शन में नवां बाइपास रोड पर स्थानांतरित नहीं किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित राजकीय मेडिकल कॉलेज जो हनुमानगढ़ को मिला है उसका सम्बद्ध टाउन जिला अस्पताल के साथ रखा जाए क्योंकि इसी जिला अस्पताल के आधार पर हनुमानगढ़ को यह कॉलेज मिला है। लेकिन यहां के जनप्रतिनिधि टाउन के एमजीएम राजकीय जिला अस्पताल को नवां बाइपास पर स्थानांतरित करना चाहते हैं जो टाउन की जनता को मंजूर नहीं। इसके विरोध में शहर के जागरूक नागरिकों की ओर से जिला अस्पताल को बचाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। संघर्ष समिति सदस्य देवेन्द्र पारीक ने कहा कि लगातार शहरवासियों का धरना जारी है लेकिन प्रशासन व राजनेताओं पर कोई असर नहीं पड़ रहा। चंद राजनीतिक लोग अपना स्वार्थ पूरा करने के लिए टाउन क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों को बर्बाद करना चाहते हैं। अब टाउन शहर के जागरूक नागरिक चुप नहीं बैठेंगे। रविवार को समिति सदस्य जगदीश सार्इं, नवाब अली, भगवान सिंह खुड़ी, हरी खदरिया, नत्थूराम, नरेन्द्र शर्मा आदि धरने पर बैठे।