शीतलहर ने ठिठुराया, कोहरे में परेशान हुए वाहन चालक
by seemasandesh
21 व 22 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश होने के आसार हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। कड़ाके की ठंड अपने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ रही है। क्षेत्र में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। पिछले कई दिनों से चल रही शीतलहर ने क्षेत्र को ठंडा कर दिया है। कुछ दिनों के ब्रेक के बाद बुधवार को इलाका घने कोहरे के आगोश में रहा। जीरो प्रतिशत विजिबिलिटी के चलते सड़कों पर दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई। धूप न निकलने व कोहरे का असर रहने से कड़ाके की ठंड से सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सुबह लोग अपने दिनचर्या के काम के लिए बाजारों में देरी से पहुंचे। सुबह करीब 9 बजे तक बाजार में लोगों की आवाजाही कम रही। यही नहीं, कोहरे के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार भी कम हो गई। दिन में भी हैड लाइट आॅन करके चलना पड़ा। सुबह और देर शाम सर्दी के तेवर और तीखे हो रहे हैं।