नौ व्यापारिक संगठनों की हुई संयुक्त बैठक आयोजित हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जंक्शन की धानमंडी में शनिवार को नौ व्यापारिक संगठनों की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में जंक्शन के व्यापार मंडल, व्यापार संघ, फूडग्रेन व्यापार मंडल, खाद्य व्यापार संघ, श्री नवदुर्गा युवा सेवा समिति, श्री नव दुर्गा मंदिर निर्माण समिति, श्री गोशाला सेवा समिति, श्री माहेश्वरी नवयुवक सेवा समिति व हनुमानगढ़ विकास मंच के पदाधिकारी व सदस्य शामिल हुए। बैठक में मौजूद व्यापारियों ने हनुमानगढ़ जंक्शन में अलग नगर परिषद बनाने की मांग उठाई। इसके अलावा जंक्शन की आमदन जंक्शन क्षेत्र में ही होने वाले विकास कार्यों में खर्च करने तथा टाउन क्षेत्र के कचरा का निस्तारण टाउन में जबकि जंक्शन क्षेत्र से एकत्रित होने वाले कचरे का निस्तारण जंक्शन में ही करने को लेकर विचार-विमर्श हुआ। बैठक में व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि जंक्शन व टाउन की वर्तमान में नगर परिषद एक है। इसके कारण जंक्शन क्षेत्र के नागरिकों को छोटे-बड़े सभी कार्यों के लिए टाउन स्थित नगर परिषद के मुख्य कार्यालय जाना पड़ता है जो एक असुविधा का कारण है। वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर जंक्शन की जनसंख्या 81 हजार व टाउन की 69 हजार थी। यदि वार्डांे की बात की जाए तो जंक्शन में वार्ड 32 हैं जबकि टाउन में 28 वार्ड हैं। इस प्रकार जनसंख्या व वार्डांे की संख्या के आधार पर जंक्शन शहर अलग नगर परिषद गठन का हकदार है। जंक्शन में यदि सरकार अलग से नगर परिषद का गठन करती है तो सरकार को कोई अलग से खर्चा करने की आवश्यकता नहीं है क्योंकि जंक्शन में वर्तमान में नगर परिषद का भवन, जगह व बिल्डिंग है। नई बिल्डिंग की जरूरत नहीं है क्योंकि एक बार पुराने भवन में ही काम चल सकता है। वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर हनुमानगढ़ जिले की तहसील संगरिया में 36619, पीलीबंगा में 37288, रावतसर में 35702, नोहर में 49835 और भादरा में 40662 जनसंख्या है जबकि जंक्शन की जनसंख्या 81000 सबसे ज्यादा है। नगर पालिका की जगह आरक्षित है व काम चलाऊ बिल्डिंग बनी हुई है। सरकार को तुरन्त प्रभाव में कोई खर्चा नहीं करना पड़ेगा। इस प्रकार जंक्शन की नगर परिषद या नगर पालिका अलग बनाने का दावा प्रसांगिक है। उन्होंने बताया कि जंक्शन व टाउन की कृषि उपज मंडी पूर्व में एक थी परन्तु हाल ही में टाउन में अलग कृषि उपज मंडी समिति बना दी गई है। इसका फायदा टाउन के व्यापारियों व जनता को हो रहा है। इसी प्रकार यदि जंक्शन में नई नगर परिषद बनाई जाती है तो जंक्शन की जनता को पूरा फायदा होगा व जनता सरकार का अहसान मानेगी। यह बहुत जरूरी कदम है जो सरकार को जनहित में उठाना चाहिए। यह ऐसा कदम होगा जिसमें सरकार को कोई खर्चा नहीं उठाना होगा परन्तु जनता को भारी फायदा होगा। मात्र सरकार को नोटिफिकेशन जारी करना है। इस मांग को लेकर बैठक के बाद मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी प्रेषित किया गया।