श्री ओम बन्ना टाइगर फोर्स ने आयोजित किया रक्तदान शिविर हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। श्री ओम बन्ना टाइगर फोर्स हनुमानगढ़ की ओर से शनिवार को रावतसर स्थित गुरुद्वारा परिसर में रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर का शुभारम्भ रावतसर उपखण्ड अधिकारी शिवा चौधरी, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव चौधरी, संगठन के प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रदीप पाल व जिला अध्यक्ष रविन्द्र सिंह की ओर से किया गया। शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए रक्तदान किया। कड़ाके की ठंड व बूंदाबांदी के बावजूद युवा रक्तदान करने शिविर स्थल पर पहुंचे। शिविर में हनुमानगढ़ जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक की टीम ने कुल 66 यूनिट रक्त संग्रहित हुआ। इस दौरान एसडीएम व बीसीएमओ की ओर से शिविर का निरीक्षण भी किया गया। एसडीएम शिवा चौधरी ने संगठन की इस पहल को अच्छी शुरूआत बताते हुए कहा कि इससे कोरोना काल में ब्लड बैंकों में रक्त की कमी दूर होगी। साथ ही लोग रक्तदान करने के लिए जागरूक होंगे। संगठन के प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रदीप पाल ने बताया कि पूर्व में रक्तदान शिविर का आयोजन विवाह समारोह में किया जाना था। लेकिन कोरोना काल के चलते शादी समारोह स्थगित कर दिया गया। इस कारण संगठन ने गुरुद्वारा परिसर में शिविर लगाने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में फिर से ब्लड बैंकों में रक्त की कमी महसूस की जा रही है। उसी को ध्यान में रखते हुए संगठन की ओर से रक्तदान शिविर लगाया गया। भविष्य में भी रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। संगठन जिलाध्यक्ष रविन्द्र सिंह ने कहा कि श्री ओम बन्ना टाइगर फोर्स लगातार समाजसेवा के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। पिछले दिनों जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी में जरूरत का सामान भेंट करने के साथ आर्थिक सहयोग दिया गया। इसके पीछे संगठन का उद्देश्य है कि युवा पीढ़ी नशे से दूर होकर समाजसेवा के कार्यांे में अपना योगदान दे। शिविर में संगठन पदाधिकारियों की ओर से रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।