चालक को धक्का दे फेंका नीचे, चाकू से वार कर कार लूट भागे
by seemasandesh
दो अज्ञात जनों ने दिया वारदात को अंजाम, मुकदमा दर्ज हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। टाउन पुलिस थाना क्षेत्र में कोहला फार्म के पास कार के अधेड़ चालक चालक को गाड़ी से नीचे फेंक वाहन लूटकर फरार होने का मामला सामने आया है। टाउन पुलिस इस संबंध में दो अज्ञात जनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार अरविन्द शर्मा (50) पुत्र दौलतराम शर्मा निवासी नई आबादी, गली नम्बर 1, वार्ड नम्बर 26, टाउन ने रिपोर्ट दी कि वह गुरुवार देर शाम करीब 7 बजे अपनी डिजायर गाड़ी नम्बर एचआर 80 ए 1023 लेकर बस स्टैंड के पास से जा रहा था। रास्ते में उसे दो व्यक्ति मिले। उन्होंने उसकी गाड़ी किशनपुरा दिखनादा से सवारी लेकर लालगढ़ जाने के लिए बुक की। इस पर वह उन दोनों के साथ किशनपुरा दिखनादा की तरफ चल पड़ा। जब वह मेगा हाइवे पर कोहला टोल नाका पार कर किशनपुरा फार्म वाली रोड पर पहुंचा तो उक्त दोनों जनों ने उसे एक होटल पर जाने को कहा। होटल पर खाना खाने के बाद जब वे किशनपुरा पहुंचे तो दोनों ने कहा कि वे जिस व्यक्ति को लेने आए हैं वह यहां से जा चुका है। इस पर वह उन दोनों को वापस लाने लगा तो रास्ते में कोहला फार्म के पास उक्त दोनों उसके साथ झगड़ा करने लगे। उसे धक्का देकर गाड़ी से नीचे गिरा दिया और चाकू से वार कर गाड़ी छिनकर ले गए। गाड़ी में उसका मोबाइल फोन, बैंक की पासबुक, आधार कार्ड, मजदूर कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, परिचय पत्र व गाड़ी के दस्तावेजों के अलावा करीब 19-20 हजार रुपए नकद थे। इस घटना के बाद वह वहां से भाग कर पेट्रोल पम्प पर पहुंचा और वहां से पुलिस को फोन किया। पुलिस ने अज्ञात जनों के खिलाफ लूट के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। जांच एएसआई कृष्ण कुमार सारस्वत कर रहे हैं। उधर, पुलिस की ओर से वारदात को अंजाम देने वाले दोनों लुटेरों की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल की गई है। आमजन से फोटो में नजर आ रहे दोनों युवकों के बारे में कोई भी जानकारी होने पर पुलिस को सूचना देने की बात कही गई है। जांच अधिकारी एएसआई कृष्ण सारस्वत ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। घटनास्थल वाले रास्ते को ट्रेक कर महत्वपूर्ण सूचनाएं एकत्रित की गई हैं। दोनों लुटेरों के फोटो भी प्राप्त हो चुके हैं। फोटो वायरल कर दोनों आरोपियों की पहचान व धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं।