Sunday, May 3निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया बोले, ‘ सरकार को रीट मामले की करवानी चाहिए सीबीआई जांच, विधानसभा में उठाएंगे मुद्दा ‘

श्रीगंगानगर

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा है कि रीट नकल मामले में कई बड़े नाम शामिल हैं। बिना प्रभावशाली लोगों के शामिल हुए इतने बड़े पैमाने पर धांधली संभव नहीं है। यह स्टूडेंट्स के साथ धोखा है। वे शनिवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि रीट नकल मामले में नैतिक जिम्मेवारी लेते हुए मुख्यमंत्री को स्तीफा दे देना चाहिए और अपने शिक्षामंत्री को भी बर्खास्त करना चाहिए। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की ओर से इस मामले में सीबीआई जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार अपराधियों को बचाने में लग गई है।

डिफेंसिव मोड पर काम कर रहे मुख्यमंत्री

कोरोना काल में राज्य सरकार के काम पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वीकार करते हैं कि पिछले दो साल से वे घर से ऑफिस ही नहीं गए हैं। यानी जिस समय कोरोना काल में सरकार को लोगों के बीच जाना चाहिए था, वे नहीं गए। सरकार डिफेंसिव मोड पर काम कर रही है। उन्होंने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार के पास पूर्णकालिक गृहमंत्री ही नहीं है।

कर्ज माफी नहीं होने से किसानों ने की आत्महत्या

उन्होंने किसानों की कर्जमाफी के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने किसानों की कर्जमाफी की बात कही लेकिन श्रीगंगानगर सहित अन्य जिलों में भी किसानों को कर्ज माफी नहीं होने से आत्महत्या जैसे कदम उठाने पड़े।

केंद्र से तय होगा मुख्यमंत्री का चेहरा
पूनिया ने साल 2023 के विधानसभा चुनाव में सीएम पद के लिए उम्मीदवार के सवाल पर कहा कि यह केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा। सीएम पद के चेहरे का चुनाव कोई व्यक्ति नहीं करता। भाजपा का संसदीय बोर्ड इसके लिए सक्षम है। हम प्रधानमंत्री मोदी के नाम पर चुनाव लड़ेंगे। केंद्र जिस उचित समझेगा उसे नेतृत्व सौंप दिया जाएगा। पूनिया ने महिला उत्पीड़न, भ्रष्टाचार सहित कई अलग-अलग मुद्दों पर राज्य सरकार को घेरा।