Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

किसान से मांगी 10 लाख रुपए की फिरौती

श्रीगंगानगर

किसान से दस लाख रुपए फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। रुपए नहीं देने पर कनाडा में रहने वाले बेटे को मारने की धमकी दी गई है। किसान को घर के गेट पर बुधवार सुबह धमकी भरा-पत्र मिला था। 24 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस हाथ कोई सबूत नहीं लगा है। मामला श्रीगंगानगर जिले का है।

कोहरे के कारण फुटेज में नहीं दिखा साफ
सादुलशहर थाने के सब इंस्पेक्टर सुरेश कुमार ने बताया कि सुंदरपुरा गांव में रहने वाले किसान गुरमीत सिंह ने मामला दर्ज करवाया है। धमकी मिलने के बाद से परिवार डरा हुआ है। किसान ने किसी पर शक भी जाहिर नहीं किया है। पत्र को जब्त कर इलाके में आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। कोहरा होने के कारण फुटेज में भी साफ दिखाई नहीं दिया। केवल एक धुंधली सी आकृति दिख रही है। शुरुआती तौर पर तो कोई बड़ी जानकारी नहीं मिल पाई है। मामले में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

पत्र में लिखा-नहर पर रख देना रुपए
किसान ने बताया कि परिवार को यह धमकी भरा पत्र उनके मकान के सामने बने रैंप पर पड़ा मिला। पत्र में लिखा है- घर से करीब बीस किलोमीटर दूर छह मासी नहर के किनारे थैले में दस लाख रुपए रखकर चले जाओ। ऐसा नहीं करने पर उसे तथा उसके कनाडा में रहे रहे बेटे जीवन ज्योति को जान से मार दिया जाएगा। किसान को आज दोपहर तक का टाइम दिया गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।