राजस्थान
राजस्थान में स्कूली छात्रा की हत्या के आरोपी टीचर का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। रविवार को हुई इस हत्याकांड के बाद से ही छात्रा का टीचर फरार है और पुलिस उसे जमीन-आसमान एक कर तलाश रही है। कोटा से लेकर जयपुर तक आरोपी टीचर गौरव जैन की तलाश लगातार की जा रही है। इधर छात्रा जिस कोचिंग संस्थान में पढ़ती थी अब उस संस्थान ने आरोपी शिक्षक का सुराग देने वाले को इनाम देने का ऐलान कर दिया है। कोचिंग संस्थान की तरफ से कहा गया है कि जो भी टीचर का सुराग देगा उसे 1 लाख रुपये बतौर इनाम दिया जाएगा।
बुधवार की शाम को निजी कोचिंग संस्थान में 2 मिनट का मौन रख कर छात्रा को श्रद्धांजलि दी गई। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोचिंग के वाइस प्रेसिडेंट शिव प्रकाश विजय ने कहा कि छात्रा के हत्यारे की तलाश के लिए पुलिस प्रशासन अपने पूरे प्रयास कर रहा है।
आरोपी पर पुलिस ने दस हजार की भी घोषणा की है। कोटा शहर ने अपनी होनहार बेटी को खोया है। इसलिए आरोपी की गिरफ्तारी जल्द से जल्द हो इसके लिए अब कोचिंग संस्थान भी आरोपी की सूचना देने वाले को एक लाख का इनाम देगा। यह इनाम की राशि पुलिस की अनुशंसा पर दी जाएगी।