उदयपुर
बांसवाड़ा जिले में खाकी पर गंभीर आरोप लगे हैं। यहां एक विवाहिता ने आनंदपुरी थाने के एएसआई अरविंद पाटीदार पर दस साल तक रेप करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि एएसआई ने शादी का झांसा देते हुए कई साल गुजारे। फिर उसके फोटो व वीडियो क्लिप बनाकर ब्लैकमेल किया।
अब एएसआई ने जब अपने शिक्षक दोस्त के साथ संबंध बनाने को मजबूर किया तो इस महिला ने एसपी के सामने उपस्थित होकर पूरी कहानी बयां कर दी। एसपी राजेश कुमार मीना ने एएसआई को सस्पेंड कर दिया और डीएसपी को मामले की जांच सौंप दी है।
इस मामले में एसपी राजेश कुमार ने एएसआई अरविंद पाटीदार को संस्पेंड करते हुए कुशलगढ़ थाना पुलिस को केस दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। कुशलगढ़ थाने में एएसआई के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आदेश के तहत आरोपी एएसआई निलंबन की अवधि में घाटोल डीएसपी ऑफिस में अपनी उपस्थिति देगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।