नई दिल्ली।
तीन विवादित कृषि कानून वापस लेने के बाद अब केंद्र सरकार नई योजना पर आगे बढ़ रही है। कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि देश में 6,865 करोड़ रुपये की लागत से 10 हजार नए कृषक उत्पादक संगठन (एफपीओ) बनाने की योजना तेजी से आगे बढ़ रही है।
तोमर ने सोमवार को सीआईआई-एनसीडीईएक्स एफपीओ समिट का वर्चुअल शुभारंभ करते हुए कहा कि इनसे करोड़ों छोटे किसानों को बहुत सुविधा होगी, इससे खेती में उनकी लागत में काफी कमी आएगी, साथ ही उनके उत्पादों की गुणवत्ता वैश्विक मानदंडों के अनुरूप बढ़ेगी और कृषि निर्यात भी बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि एफपीओ का और विस्तार करने की जरूरत है क्योंकि हमारे देश में अधिकांश छोटे किसान हैं और इन्हें आगे बढ़ाने में यह बहुत ही कारगर योजना है। एफपीओ के माध्यम से किसान संगठित होकर अपनी खेती कर सकते हैं, सामूहिक रूप से उपकरण तथा खाद्यान्न खरीद सकते हैं। टेक्नोलॉजी का उपयोग कर सकते हैं, जिससे निश्चित रूप से उत्पादन लागत कम होगी।