Sunday, May 3निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

खुलासा:मिनिषा लांबा ने बताया-इंडस्ट्री में कई बार किया ‘कास्टिंग काउच’ का सामना, बोलीं-बात न समझ आने का नाटक कर सिचुएशन को करती थी हैंडल

बॉलीवुड एक्ट्रेस मिनिषा लांबा ने बताया कि उन्होंने इंडस्ट्री में ‘कास्टिंग काउच’ का कई बार सामना किया है। यह बात मिनिषा ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में कही है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया है कि जब भी उनके साथ ऐसा कुछ होता था, तो वे किस तरह से उस सिचुएशन को हैंडल करती थीं। मिनिषा लांबा ने कहा कि कई बार उन्हें किसी फिल्म पर चर्चा करने के लिए डिनर पर बुलाया गया है, लेकिन उन्होंने हमेशा ऑफिस में एक प्रोफेशनल मीटिंग पर जोर दिया। मिनिषा ने यह भी खुलासा किया कि एक या दो मौकों पर प्रस्ताव न मानने पर फिल्म से बाहर कर दिया गया।

मैं इस तरह से इन सिचुएशन को कर लेती हूं हैंडल
मिनिषा लांबा ने कहा, “मुझे लगता है कि किसी भी इंडस्ट्री में जहां पुरुष होते हैं। उनमें से कई सारे पुरुष इस तरह की हरकतें करते हैं। यह इंडस्ट्री भी अलग नहीं है। मुझे निश्चित रूप से ऐसी चीजों का सामना करना पड़ा है, जैसे कोई व्यक्ति फिल्म के लिए पुष्टि नहीं कर रहा है और कहता है कि आप रात के खाने के लिए क्यों नहीं मिलते? वहीं बात कर लेंगे। और मैं कहती हूं कि हम ऑफिस में क्यों नहीं मिलते? मुझे रात के खाने के बारे में पता नहीं है। लेकिन मैं निश्चित रूप से कल फ्री हूं, हम एक समय निर्धारित कर सकते हैं और ऑफिस में मिल सकते हैं, अगर आप आगे चर्चा करना चाहते हैं। मैं इस तरह से इन सिचुएशन को हैंडल कर लेती हूं। यह मेरे साथ मेरे फेस पर ज्यादा नहीं हुआ है। लेकिन जब भी ऐसा हुआ है, मैंने इसे इस तरह से ही संभाला है-जहां मैंने यह दिखावा किया है कि आप जो कह रहे हैं, उसे समझ नहीं पा रही हूं।”

मिनिषा जल्द ही राज आशू की ‘कुतुब मीनार’ में नजर आएंगी
यह पूछे जाने पर कि क्या उन लोगों ने कभी काम के लिए फोन करना बंद किया, जब उन्होंने चीजों को सख्ती से प्रोफेशनल रखने पर जोर दिया था। मिनिषा ने इस सवाल का जवाब देते हुए कहा, “हां, एक या दो बार ऐसा हुआ और फिर उन प्रोजेक्ट्स पर कभी बात ही नहीं हुई।” मिनिषा जल्द ही राज आशू की ‘कुतुब मीनार’ में दिखाई देंगी। इस फिल्म में उनके अलावा करणवीर बोहरा भी लीड रोल में हैं।

2005 में ‘यहां’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया
मिनिषा ने दिल्ली यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान ही बतौर मॉडल करियर की शुरुआत कर दी थी। 2005 में शूजित सरकार की फिल्म ‘यहां’ से उन्होंने बॉलीवुड डेब्यू किया। यह शूजित की भी पहली फिल्म थी। मिनिषा की पॉपुलर फिल्मों में ‘हनीमून ट्रेवल्स प्राइवेट लिमिटेड’, ‘बचना ऐ हसीनो’ और ‘भूमि’ भी शामिल हैं। 2014 में वे बतौर कंटेस्टेंट कंट्रोवर्शियल रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ के 8वें सीजन में नजर आई थीं। वे ‘छूना है आसमान’, ‘तेनाली रामा’ और ‘इंटरनेट वाला लव’ जैसे टीवी सीरियल्स में भी काम कर चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *