नई दिल्ली
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) अपने 100वें टेस्ट की पहली पारी में 45 रन बनाकर आउट हुए। विराट को श्रीलंका के स्पिनर की गेंद पर जब आउट हुए, तो वह इस पर यकीन ही नहीं कर पा रहे थे, वहीं कप्तान रोहित शर्मा ने भी अपना माथा पकड़ लिया। विराट दो साल से ज्यादा समय से इंटरनेशनल सेंचुरी नहीं ठोक पाए हैं और फैन्स के साथ टीम इंडिया को उम्मीद थी कि वह अपने 100वें टेस्ट मैच में ऐसा जरूर करेंगे।
विराट ने जिस तरह से पारी की शुरुआत की थी, उसे देखकर ऐसा लग रहा था कि फैन्स और टीम इंडिया का यह इंतजार खत्म हो जाएगा, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। रोहित और विराट दोनों के लिए यह टेस्ट मैच बहुत खास है। रोहित फुल टाइम टेस्ट कप्तान के तौर पर डेब्यू किया, तो वहीं विराट 100वां टेस्ट मैच खेलने उतरे। लसिथ एम्बुलडेनिया की शानदार गेंद पर विराट ने अपना विकेट गंवाया।