नई दिल्ली
भारतीय टीम ने श्रीलंका के खिलाफ रविंद्र जडेजा के नाबाद 175 रनों की बदौलत अपनी पहली पारी 8 विकेट खोते हुए 574 रन पर घोषित की। विराट कोहली के 100वें टेस्ट के मौके पर विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत 96 रन बनाकर शतक से चूक गए, लेकिन जडेजा ने शतक जड़कर मोहाली टेस्ट को यादगार बना दिया है। भारतीय टीम अपने बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन से मैच में मजबूत स्थिति में पहुंच गई है, लेकिन इसके बावजूद फैंस रविंद्र जडेजा के पहले इंटरनेशनल दोहरे शतक के चूकने का जिम्मेदार कोच राहुल द्रविड़ को बता रहे हैं।