Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

अनूपगढ़ क्षेत्र में पाकिस्तान की ओर से आए संदिग्ध ड्रोन को बीएसएफ जवानों ने फायरिंग कर खदेड़ा

बिंजोर पोस्ट के समीप हुई रात को घुसपैठ की कोशिश जवानों ने एलएमजी से 18 राउंड फायर दखगे
श्रीगंगानगर.
जिले में अनूपगढ़ सेक्टर में आज बड़े तड़के पाकिस्तान की ओर से भारतीय क्षेत्र में आए एक संदिग्ध ड्रोन को सीमा सुरक्षा बल बीएसएफ के जवानों ने फायरिंग कर खदेड़ दिया। इस घटना से अंतरराष्ट्रीय सीमा पर हलचल मच गई बीएसएफ और पुलिस के अधिकारी कुछ ही देर में बिजनौर पोस्ट पर पहुंच गए सुबह होने पर पिंजौर पोस्ट के पिलर नंबर 363 के आसपास तारबंदी व नजदीक के खेतों में सर्चिंग ऑपरेशन चलाया गया। संदिग्ध ड्रोन के मलबे की तलाश की गई लेकिन वह भारतीय क्षेत्र में नहीं मिला। यह स्पष्ट नहीं हो सका की गोलियां लगने से ड्रोन क्षतिग्रस्त हुआ या सुरक्षित वापिस चला गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार अनूपगढ़ सेक्टर में बीएसएफ की पिंजौर पोस्ट पर तैनात जवानों ने आज बड़े तड़के 1:37 बजे सीमा पार से आते एक संदिग्ध वस्तु देखी। यह वस्तु अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तारबंदी के नजदीक आई, तब दिखाई दिया कि यह ड्रोन है। इस पर जवानों ने फायरिंग कर दी। सूत्रों के मुताबिक बीएसएफ जवानों ने लाइट मशीन गन (एलएमजी) से 18 राउंड गोलियां चलाईं।कुछ ही क्षण में संदिग्ध ड्रोन ओझल हो गया। ड्रोन वापिस पाक क्षेत्र की तरफ चला गया। इस घटना की सूचना मिलते ही सीमा सुरक्षा बल के उच्च अधिकारी श्रीगंगानगर से और बीकानेर से घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।तड़के लगभग 2:30 बजे इसकी सूचना पुलिस को दी गई। अनूपगढ़ के थाना प्रभारी फूलचंद शर्मा दलबल सहित रात को ही घटनास्थल पर पहुंच गए। आज सुबह पुलिस और बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी बिजनौर पोस्ट पर रात को हुए इस घटनाक्रम की गहनता से जांच करने और जानकारी जुटाने के लिए पहुंचे।पुलिस सूत्रों के मुताबिक भारतीय क्षेत्र में कोई संदिग्ध क्षतिग्रस्त होकर गिरा नहीं मिला। ड्रोन वापस चला गया अथवा पाक क्षेत्र में क्षतिग्रस्त होकर गिर गया, यह भी अभी स्पष्ट नहीं है। ड्रोन किस उद्देश्य से रात को भारतीय क्षेत्र में आया,इसे लेकर कई तरह के अनुमान और संभावनाएं व्यक्त की जा रही हैं। बीएसएफ की खुफिया शाखा जी ब्रांच के ऑफिसर इसकी पड़ताल करने में लगे हैं। अनूपगढ़ सेक्टर में संदिग्ध ड्रोन के आने को लेकर संभावना व्यक्त की जा रही है कि पाकिस्तान की ओर से तस्करों द्वारा नशीले पदार्थों की खेप भारतीय क्षेत्र में पहुंचाई जानी थी। हालांकि इस बारे में अभी कोई अधिकृत जानकारी नहीं दी गई है।अनुमान और संभावनाएं व्यक्त की जा रही है कि यह ड्रोन नशीले पदार्थ, हथियार या भारतीय नकली मुद्रा लेकर आ रहा होगा, जिसे बीएसएफ जवानों ने देख लिया और फायरिंग कर खदेड़ दिया। गौरतलब है कि पंजाब में सीमा पार से ड्रोन से नशीले पदार्थ, हथियार और नकली भारतीय मुद्रा भेजे जाने की अनेक घटनाएं लगातार हो रही हैं। ऐसी ही एक कोशिश अनूपगढ़ सेक्टर में किए जाने की संभावना से पुलिस सूत्रों ने इनकार नहीं किया। लगभग 3 वर्ष बाद श्रीगंगानगर जिले से लगती पाक सीमा की ओर से संदिग्ध ड्रोन आने की यह पहली घटना है।करीब 3 वर्ष पहले पाकिस्तान के साथ तनावपूर्ण हालात के चलते सीमा पार से न केवल संदिग्ध ड्रोन आए बल्कि पाक सेना की ओर से बमबारी भी की गई थी भारतीय सेना और बीएसएफ के जवानों ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया था।