Wednesday, May 13निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

मोटी सैलरी, फिर भी लेते रहे गरीबों के हक का राशन… अब सरकारी कर्मचारियों से होगी एक करोड़ की वसूली

उदयपुर।

चोरी तो चोरी, ऊपर से सीना जोरी। यह कहावत डूंगरपुर जिले के 958 कर्मचारियों पर एकदम सटीक बैठती है जो मोटी तनख्वाह लेने के बावजूद गरीबों का गेहूं डकार गए। जांच में खुलासा हुआ तो सरकार ने गरीबों के गेहूं की कीमत एक करोड़ रुपए जमा कराने के निर्देश दिए। डेढ़ साल बीतने के बाद भी इन कर्मचारियों ने अब तक पैसा जमा नहीं करवाया। सरकार ने अब 15 मार्च का यह राशि जमा कराने की अंतिम चेतावनी दी है, नहीं तो इन सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी।

प्रवर्तन निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि यह नियम स्पष्ट है कि सरकारी कार्मिक खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ नहीं ले सकते हैं। इसके बावजूद सरकारी कर्मचारियों ने राशन उठाया है। जांच में सूची सामने आने पर रिकवरी की गई, लेकिन 958 कर्मचारियों ने गेहूं का पैसा अब तक जमा नहीं करवाया है। यहां यह बता दें कि पिछले डेढ़ साल में 2664 कर्मचारी अपने हिस्से के 3 करोड़ 40 लाख 68 हजार 937 रुपए जमा करवाकर कार्रवाई से बच गए हैं। इन सभी कर्मचारियों से 27 रुपए प्रति किलो गेहूं के हिसाब से वसूली की गई है।