Saturday, September 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

तीन दशक बाद केशवनगर हाल्ट फिर से शुरू हुआ

सांसद निहालचंद ने रेलगाड़ी को दिखाई, हरी झंडी ग्रामीणों ने प्रसन्नता जताई
श्रीगंगानगर।
राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में सूरतगढ़ अनूपगढ़ रेल सेक्शन पर लगभग तीन दशक के बाद आज केशवनगर हाल्ट पर रेल यात्रियों की खूब चहल-पहल रही। इस हॉल्ट पर ट्रेन जैसे ही रूकी,यात्री सवार। सांसद निहालचंद,रेलवे के सहायक अभियंता श्रीचंद पूनिया व ग्रामीणों ने सुबह 6.57 बजे गाड़ी को हरी झंडी दिखा कर सूरतगढ़ की ओर रवाना किया। सैकड़ों ग्रामीण इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने। इसके साथ ही केशवनगर एक बार फिर से भारतीय रेलवे के नक़्शे पर आ गया है।ग्रामीणों ने संघर्ष समिति के बैनर तले अपनी इस मांग को लेकर लंबा आंदोलन चलाया था। इस हाल्ट पर करीब तीन दशक बाद अब फिर से रेलगाड़ियां रुका करेंगी। इस हाल्ट को शुरू करवाने में संसाद का भी सहयोग रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर रेल मंडल में सूरतगढ़-अनूपगढ़ रेल खण्ड पर श्रीबिजयनगर व रामसिंहपुर स्टेशन के मध्य स्थित केशवनगर हाल्ट को करीब 3 दशक पूर्व यात्री भार कम होने की वजह से बंद कर दिया गया था। उस समय केशवनगर के अलावा और भी कई स्टेशन ऐसे थे, जिन्हें बन्द करना पड़ा।आसपास के ग्रामी इस हाल्ट को पुनः शुरू करने की मांग कर रहे थे।मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय बीकानेर से लेकर रेलमंत्री तक मुलाकातों का सिलसिला शुरू हुआ और आखिरकार रेल मंत्रालय की ओर से इस हाल्ट को शुरू करने की स्वीकृति जारी की गई।चक 40 जीबी गुरुद्वारा के सेवादार बाबा जोगासिंह देखरेख में स्टेशन पर पेड़-पौधे लगाने के अलावा साफ-सफाई,छाया ,पीने के पानी व अन्य सुख-सुविधाओं को जुटाने का काम किया गया है। बीकानेर रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य मण्डल प्रबन्धक की ओर से यात्रियों को ट्रेन का टिकट उपलब्ध करवाने के लिए कमीशन के आधार पर 6 माह के लिए हाल्ट एजेंट की नियुक्ति के लिए जन सूचना जारी की गई।फिलहाल यहां एक जोड़ी ट्रैन ठहराव करेगी।