Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

नशीली गोलियों और कफ सिरप की शीशियों के साथ दो युवक गिरफ्तार

श्रीगंगानगर। पुरानी आबादी थाना क्षेत्र में कल देर रात को पुलिस ने दो युवकों को भारी मात्रा में नशीली गोलियों और नशे के रूप में इस्तेमाल होने वाले कफ सिरप की शीशियों सहित गिरफ्तार किया।पुरानी आबादी थाना प्रभारी कश्यपसिंह राघव ने बताया कि थाने के समीप राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (मल्टीपरपज) के पीछे खेल मैदान के समीप कल देर रात को संदिग्ध अवस्था में युवक हैप्पी मजहबी सिख (26) को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से कफ सिरप की 131 शीशियां बरामद हुईं। हैप्पी खेल मैदान के पास का ही रहने वाला है।उस पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इसी प्रकार पुरानी आबादी के साथ लगते चक 6-जैड के रास्ते पर कल देर रात संदिग्ध अवस्था में एक और युवक कुलदीप सोनी (26) निवासी वार्ड नंबर 7 पकड़ा गया।उसके कब्जे से नशीली गोलियों के 93 पत्ते बरामद हुए। कुल 930 नशीली गोलियां मिली हैं। कुलदीप सोनी पर भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।थाना प्रभारी ने बताया कि यह युवक ही इधर उधर से नशीली दवाइयां लाकर नशा करने वालों को बेचते हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार इनकी गतिविधियों पर पिछले कुछ दिनों से नजर रखी जा रही थी।कल देर रात पुख्ता सूचना मिलने पर दोनों को हिरासत में ले लिया गया। नशीली दवाइयां यह युवक कहां से लेकर आते थे,इस बारे में पूछताछ की जा रही है।आगे इन मामलों की जांच कोतवाली प्रभारी सीआई विश्वजीत सिंह कर रहे हैं।