हत्या के इरादे से भानजे ने मामा पर दागी गोली, पैर पर लगी
by seemasandesh
कृषि भूमि हड़पने के इरादे से करीब एक दर्जन साथियों के साथ किया जानलेवा हमला, मामला दर्ज हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जमीन हड़पने के उद्देश्य से एक भानजे ने रात्रि को अपने मामा पर गोली दाग दी। पैर पर गोली लगने से मामा गंभीर रूप से घायल हो गया। मामा को उसके छोटे भाई ने मौके पर पहुंच अस्पताल पहुंचाया। इस संबंध में एक व्यक्ति ने जंक्शन पुलिस थाना में अपने भानजे के अलावा 10-12 अन्य जनों के खिलाफ हत्या प्रयास के आरोप में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस के अनुसार अजयपाल पुत्र पूर्णराज जाट निवासी ढाणी टेलावाली नजदीक होमलैंड सिटी श्रीगंगानगर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उनकी कृषि भूमि तहसील हनुमानगढ़ के चक 12 एलएलडब्ल्यू में कुल 6 बीघा है। उसका बड़ा भाई विजय (40) काफी समय से कृषि भूमि में काश्त कर रहा है और निवास कर रहा है। सोमवार रात्रि को करीब 11.30 बजे उसके पास विजय ने फोन कर कहा कि उनकी जमीन के पास नहर के पटरे पर योगेश अपने साथ करीब 10-12 बदमाशों को लेकर खड़ा है। इस पर उसने अपने भाई विजय को कहा कि वह चुप रहे और कुछ मत बोले। उसके बाद रात्रि को करीब एक बजे विजय ने फोन कर कहा कि उक्त लोग जोर-जोर से बातें कर रहे हैं कि आज गोली मारेंगे। यह कहकर विजय ने फोन काट दिया। इस पर वह तुरन्त मोटर साइकिल लेकर रवाना हो गया। करीब साढ़े तीन बजे अपने खेत में आया तो देखा कि उसका भाई लहूलुहान अवस्था में पड़ा था। उसने अपने भाई विजय को संभाला तो उसने बताया कि रात में ही योगेश अपने 10-12 साथियों के साथ ललकारे मारते हुए उनकी जमीन में घुस गया और कहने लगा कि आज मामा को जान से मारकर जमीन पर कब्जा करने के लिए ही मां और पिताजी ने भेजा है। इसलिए आज इसको जान से मारेंगे। इस पर वह अपनी जान बचाने के लिए भागा तो पीछे से योगेश ने जान से मारने के लिए असला से फायर कर गोली मार दी जो उसके पैर में लगी। आरोपी जान से मारने के लिए पीछा करते रहे। उसने किसी प्रकार सुभाष गोदारा के खेत में घुसकर अपनी जान बचाई। आरोपी ललकारे मारते हुए वहां से चले गए। अजयपाल के अनुसार उसने अपने भाई को संभाला और हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां पर उसका इलाज चल रहा है। अजयपाल ने बताया कि उक्त कृषि भूमि पर उसकी बड़ी बहन लिछमा उर्फ संतोष, उसके पति दलवीर और पुत्र योगेश की नजर है, जो हर समय कहते रहते हैं कि अपनी सारी जमीन हमें दे दो, नहीं तो तुम दोनों भाई कुंवारे हो, इसलिए तुमको जान से मारकर जमीन हम ले ही लेंगे। उसने उनको मना किया किन्तु वे नहीं माने और जमीन पर कब्जा करने के लिए ही उसके भाई विजय पर प्राणघातक हमला कर गोली मारी है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आईपीसी की धारा 307, 143 व 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। जांच सब इंस्पेक्टर शैलेश चन्द कर रहे हैं।