जयपुर
पांच राज्यों में कांग्रेस के निराशजनक प्रदर्शन पर राजस्थान में भी आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने यूपी चुनाव की हार पर सीएम गहलोत पर निशाना साधा है। केंद्रीय मंत्री ने ट्ववीट कर कहा कि सीएम गहलोत इस बात से खुश है कि यूपी में कांग्रेस को उम्मीदवार मिल गए। उन्होंने प्रियंका गांधी के सामने पाइंट बढ़ाने के लिए यह कह तो दिया लेकिन सोचा नहीं कि इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल कितना टूटेगा कि हमें प्रत्याशी मिलना तक मुश्किल है।
शेखावत बोले- यूपी में 387 उम्मीदवारों की जमानत जब्त
उल्लेखनीय है कि सीएम गहलोत ने हाल में एक चैनल को दिए इंटरव्यू में प्रियंका गांधी को टारगेट करने के सवाल के जवाब में कहा- कोई दम नहीं है। प्रियंका गांधी ने बता दिया है किस रूप से कैंपेन हो सकता है। जहां 30 साल से कांग्रेस कुछ नहीं है। पूरे यूपी में फिजां पैदा की है। 403 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए। ये कोई कम उपलब्धि है क्या। केंद्रीय मंत्री शेखावत ने सीएम गहलोत का इंटरव्यू अपने अकाउंट पर डाला है। केंद्रीय मंत्री ने ट्वीट कर सीएम गहलोत पर तंज कसा है। सीएम गहलोत इस बात से खुश है कि कांग्रेस को यूपी में उम्मीदवार मिल गए। इससे पहले भी गजेंद्र सिंह शेखावत ने ट्वीट कर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर निशाना साधा था। यूपी में 387 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी।