मृतक युवकों और हमलावरों में कोई पुरानी रंजिश नहीं, रंग डालने की बात पर हुआ अचानक झगड़ा
बीकानेर होली के दिन शुक्रवार शाम को बीछवाल थाना क्षेत्र में शोभासर चौराहे के पास रंग डालने की बात को लेकर कुछ युवकों ने तेज धार वाले चाकू से दो युवकों पर हमला कर दिया,जिससे उनकी मौत हो गई। रक्तरंजित हालत में युवकों को पीबीएम हॉस्पिटल में लाया गया जहां उन को मृत घोषित कर दिया गया। होली की शाम हुई इस घटना से पूरे बीकानेर में सनसनी फैल गई। हमलावर युवकों की पहचान करते हुए पुलिस उनकी धरपकड़ में जुट गई।आज तड़के दो तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया गया, जिनसे पूछताछ चल रही है। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान बीछवाल थाना क्षेत्र में सुंदर विहार कॉलोनी निवासी श्यामलाल लोहार (25) और गिरधारीलाल लोहार (30) के रूप में हुई है। यह दोनों अपने कुछ दोस्तों व रिश्तेदारों के साथ शुक्रवार दोपहर लगभग 1 बजे होली खेलने के पश्चात नहाने के लिए शोभासर नहर पर गए थे।नहर पर नहाने के बाद शाम करीब 6 बजे वापस घर को रवाना हुए। शोभासर चौराहा पार करने पर वही खड़े दो तीन युवकों ने इन पर रंग डाल दिया, जिस से झगड़ा हो गया। श्यामलाल और गिरधारीलाल चूंकि नहाकर जा रहे थे। रंग डालने से नाराज हो गए। दोनों पक्षों में कहासुनी और बोलचाल हो गई।इसी दौरान एक युवक ने इनमें से एक के सिर में बोतल मार दी,जिससे झगड़ा बढ़ गया। पुलिस के अनुसार रंग डालने और झगड़ा करने वालों के पास चाकू और पिस्तौल थीं। उन्होंने चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे श्यामलाल और गिरधारीलाल बुरी तरह से जख्मी हो गए।बताया जा रहा है कि इनके पेट में कई वार किए गए जिससे अंतडिया बाहर आ गईं। अस्पताल ले जाने पर इनको मृत घोषित कर दिया गया, जिससे इन युवकों के परिवारजनों में कोहराम मच गया। घटना का पता चलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पीबीएम हॉस्पिटल पहुंचे,जहां उन्हें मृतकों के परिवारजनों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतकों और हमलावर युवकों में पहले कोई किसी बात की रंजिश नहीं थी। एक दूसरे को जानते पहचानते नहीं थे। सिर्फ होली के पर्व पर रंग डालने और सिर में बोतल मार देने की बात पर झगड़ा बढ़ गया, जिसमें इन दो युवकों की जान चली गई। मृतक श्यामलाल के भांजे मुकेश निवासी बजरंग धोरा मस्जिद के पीछे थाना बीछवाल द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात हमलावर युवकों के विरुद्ध देर रात को कत्ल का मामला दर्ज किया गया।पुलिस सूत्रों ने बताया कि हमलावर युवकों की पहचान हो गई है। इनमें से दो तीन को काबू कर लिया गया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। आज सुबह पीबीएम हॉस्पिटल में पोस्टमार्टम किए जाने के दौरान काफी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए। इनके साथ मौजूद अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने बीकानेर में बढ़ रही गुंडागर्दी को लेकर आक्रोश और नाराजगी जाहिर की। पुलिस अधिकारियों ने समझाइश कर शव अंत्येष्टि के लिए परिवार जनों के सुपुर्द कर दिए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी युवकों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के मद्देनजर पुलिस ने आज अपने होली के आयोजन को रद्द कर दिया। पुलिस अधिकारी और कर्मचारी आज सुबह पुलिस लाइन मैदान में होली खेलने वाले थे। यह आयोजन रद्द हो जाने से पुलिस महकमे में काफी मायूसी छा गई।