सतीपुरा में पुलिस-पब्लिक पंचायत (पीपीपी) का आयोजन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। ग्राम पंचायत सतीपुरा में गुरुवार को पुलिस-पब्लिक पंचायत (पीपीपी) का आयोजन किया गया। पंचायत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जस्साराम बोस, पुलिस उप अधीक्षक प्रशान्त कौशिक व जंक्शन थाना प्रभारी अशोक बिश्नोई की ओर से ग्रामीणों को साइबर अपराध और नशे के खिलाफ जागरूक किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक की ओर से नशे के खिलाफ कार्रवाई के लिए जारी किए गए व्हाट्सएप हेल्पलाइन नम्बर की जानकारी दी गई। ग्रामीणों से प्रतिक्रिया ली गई और सुझाव मांगे गए। इसके अलावा पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को अन्य जानकारी देकर सूचनाओं का आदान-प्रदान किया। मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए डीएसपी प्रशान्त कौशिक ने बताया कि बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश के निर्देशानुसार इसी माह से ग्राम पंचायतों में पुलिस-पब्लिक पंचायत का आयोजन शुरू किया गया है। कानून व्यवस्था को बेहतर करने, आमजन से सामंजस्य बनाने, महिलाओं को सुरक्षा का माहौल मुहैया कराने के साथ-साथ नशे की रोकथाम एवं आमजन के दर्द सुनने के लिए पुलिस की ओर से यह अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान आगामी छह माह तक पूरी रेंज में चलेगा। ग्राम पंचायत मुख्यालय पर कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को पुलिस-पब्लिक पंचायत के उद्देश्य से अवगत कराया जाएगा। इस अभियान के जरिए पुलिस और आमजन के बीच अविश्वास की खाई को पाटने का काम किया जाएगा। विशेष रूप से महिला अपराध, नशे पर रोकथाम एवं सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस, आमजन के साथ मिलकर काम करेगी। बैठक में जंक्शन थाना के एएसआई दलीपसिंह, सरपंच पति गुरलाल सिंह के अलावा वार्ड पंच, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व गांव के गणमान्य नागरिक मौजूद थे।