जयपुर।
कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम का पायलट प्रेम एकबार फिर सार्वजनिक हो गया। उन्होंने राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट से कहा कि अब ‘लक्ष्य’ भेदने का वक्त आ गया है।
दरअसल सचिन पायलट ने गुरुवार को लोगों से मुलाकात की कुछ तस्वीरें ट्वीट की थीं। इनमें से एक तस्वीर में पायलट के हाथ में धनुष-बाण भी दिख रहा था। प्रमोद कृष्णम ने पायलट के ट्वीट को कोट करते हुए लिखा, ‘गांडीव उठाओ और प्रत्यंचा चढ़ाओ, अर्जुन की तरह लक्ष्य भेदने का समय आ चुका है।’ कृष्णम के ट्वीट को राजस्थान में अगले साल होने वाले चुनावों से जोड़कर देखा जा रहा है।
राजस्थान कांग्रेस में चल रही ‘कैंपबाजी’
आपको बता दें कि राजस्थान में कांग्रेस के अंदर गुटबाजी का संकट काफी पुराना है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच रस्साकसी की खबरें लगातार सुर्खियां बनती हैं। दूसरी ओर प्रमोद कृष्णम भी कई बार पायलट के समर्थन में सार्वजनिक मंचों और सोशल मीडिया से बयान देते रहे हैं।