एक महिला सहित तीन जनों के कब्जे से 4 किलोग्राम अफीम बरामद
by seemasandesh
दो कारें जब्त, पल्लू पुलिस की डीएसटी के सहयोेग से कार्रवाई हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जिले की पल्लू पुलिस ने नाकाबन्दी के दौरान दो कारों को रूकवा तलाशी ली तो उनमें से चार किलोग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मौके से एक महिला सहित तीन जनों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। यह कार्रवाई डीएसटी सेक्टर नोहर के सहयोग से की गई। जानकारी के अनुसार पल्लू थाना प्रभारी एसआई अमरसिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने गुरुवार अल सुबह मेगा हाइवे रोड बिसरासर पर वन विभाग पल्लू के पास नाकाबन्दी शुरू की। नाकाबन्दी के दौरान पुलिस टीम ने आगे-पीछे आ रही कार नम्बर एमपी 44 सीबी 2742 व एमएच 06 एफ 937 को रूकवा तलाशी ली तो चार किलोग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने कार में सवार बंशीलाल चन्देल उर्फ मन्शी (56) पुत्र चन्दाजी बन्जारा निवासी बसेड़ी भाटी पीएस जावद जिला नीमच मध्यप्रदेश, पुरुषोतम सोनी उर्फ मंगा सोनी (31) पुत्र गोपाल दास सोनी निवासी वार्ड 16, सादुलशहर जिला श्रीगंगानगर व बचन बाई (40) पत्नी कालूराम बन्जारा निवासी मौरवन पीएस जावद जिला नीमच मध्यप्रदेश को गिरफ्तार कर लिया। इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर जांच नोहर थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह नरुका को सौंपी गई है। पुलिस टीम में थाना प्रभारी अमरसिंह, हैड कांस्टेबल शंकरलाल, इन्द्राजसिंह, मदनलाल, कांस्टेबल हरीसिंह, सुनिता व रामसिंह शामिल थे। इस कार्रवाई में जिला विशेष दल सेक्टर नोहर का विशेष योगदान रहा।