Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

एडीजे ने जांची प्रसूति गृह व सखी सेंटर की व्यवस्थाएं

हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश संदीप कौर की ओर से गुरुवार को टाउन स्थित सखी सेन्टर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एडीजे ने सखी सेन्टर की सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संधारित रजिस्टरों का निरीक्षण किया। सभी व्यवस्थाएं सामान्य पाई गई। मौके पर केन्द्र प्रबंधक अधिवक्ता मोनिका शर्मा मौजूद मिलीं। केन्द्र प्रबंधक ने एडीजे को अवगत करवाया कि सखी सेंटर में अन्याय से पीड़ित महिलाओं को आश्रय दिया जाता है। नियमानुसार विधिक सहायता व सलाह भी उपलब्ध करवाई जाती है। सखी सेंटर के निरीक्षण के बाद एडीजे संदीप कौर ने महात्मा गांधी स्मृति राजकीय जिला चिकित्सालय के प्रसूति गृह की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश पोटलिया ने एडीजे को बताया कि नार्मल डिलीवरी प्रसूता के लिए 44 बेड, सिजेरियन डिलीवरी प्रसूता के लिए 30 बेड व 9 कॉटेज की वर्तमान में व्यवस्था है। एडीजे ने इनका जायजा लिया। साफ-सफाई व बेड पर लगे चद्दर आदि व्यवस्थित पाए गए। भर्ती प्रसूताओं से भी बातचीत की तो उन्होंने किसी प्रकार कोई समस्या नहीं होना जाहिर किया। इसके बाद एडीजे ने विश्व क्षय रोग दिवस के मौके पर सम्मानित हुए चिकित्सा अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई देते हुए चिकित्सा प्रणाली को और अधिक उत्कृष्ट बनाने के लिए प्रेरित किया।