Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

परीक्षा पे चर्चा के तहत कल विद्यार्थियों से रूबरू होंगे प्रधानमंत्री

  • परीक्षा के तनाव और संबंधित क्षेत्रों से संबंधित सवालों के जवाब में विद्यार्थियों के साथ करेंगे संवाद
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 1 अप्रैल को परीक्षा पे चर्चा के 5वें संस्करण के दौरान दुनिया भर के छात्रों शिक्षकों और अभिभावकों के साथ बातचीत करेंगे। परीक्षा पे चर्चा युवाओं के लिए तनाव मुक्त माहौल बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बड़े आंदोलन एग्जाम वॉरियर्स का हिस्सा है। इस बहु प्रतीक्षित वार्षिक कार्यक्रम परीक्षा पे चर्चा-2022 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक जीवंत कार्यक्रम में छात्रों की ओर से परीक्षा के तनाव और संबंधित क्षेत्रों से संबंधित सवालों के जवाब में विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे। परीक्षा पे चर्चा-2022 के 5वें संस्करण का आयोजन नई दिल्ली में टाउन हॉल इंटरएक्टिव फॉर्मेट में तालकटोरा स्टेडियम से सुबह 11 बजे होगा। इस संबंध में बुधवार को जंक्शन स्थित केन्द्रीय विद्यालय में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में पल्लू के जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य संजीव झाझड़िया ने बताया कि भारत और विदेशों के करोड़ों छात्र शिक्षक और अभिभावक परीक्षा पे चर्चा में हिस्सा लेंगे। झाझड़िया ने कहा कि परीक्षा पे चर्चा-2022 ने देश के कोविड-19 महामारी से बाहर आने और परीक्षाओं के आॅफलाइन मोड में जाने के मद्देनजर ज्यादा महत्वपूर्ण और प्रासंगिक हो गया है। 21वीं सदी की ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था के निर्माण में पीपीसी 2022 जैसी पहल महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि देश भर के चुनिंदा छात्र राज्य के राज्यपालों की मौजूदगी में कार्यक्रम देखने के लिए राजभवनों का भी दौरा करेंगे। प्राचार्य ने बताया कि हम जिले के सभी छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को पीपीसी-2022 में सहभागी बनने के लिए आह्वान कर रहे हैं। उन्होंने इस कार्यक्रम को एक जन आंदोलन बनाने और छात्रों के लिए तनाव मुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए मीडिया से समर्थन का भी आह्वान किया ताकि पूरे देश और समाज में एक ऐसे वातावरण का निर्माण हो जहां प्रत्येक बच्चे के अद्वितीय व्यक्तित्व का जश्न मनाया जाए, प्रोत्साहित किया जाए और खुद को पूरी तरह से व्यक्त करने की अनुमति दी जाए। यहां यह बताना भी उचित है कि मायगॉव प्लेटफॉर्म के माध्यम से 28 दिसंबर 2021 से 3 फरवरी 2022 तक विभिन्न विषयों पर आॅनलाइन रचनात्मक लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। उक्त आॅनलाइन रचनात्मक लेखन प्रतियोगिता के आधार पर शॉर्ट लिस्ट किए गए छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को प्रधानमंत्री से प्रश्न पूछने और संवाद करने का मौका मिलेगा। मायगॉव पर प्रतियोगिताओं के माध्यम से चुने गए प्रतिभागियों को एक प्रशंसा प्रमाण पत्र और एक विशेष परीक्षा पे चर्चा किट जिसमें प्रधानमंत्री की ओर से लिखित पुस्तक एग्जाम वॉरियर्स शामिल हैं, भी दिए जाएंगे। संजीव झाझड़िया ने बताया कि इस कार्यक्रम का दूरदर्शन (डीडी नेशनल), डीडी न्यूज (डीडी इंडिया), रेडियो चैनलों, टीवी चैनलों, डिजिटल मीडिया, नरेंद्र मोदी, पीएमओ इंडिया तथा पीआईबी इंडिया के यूट्यूब चैनल, दूरदर्शन नेशनल, डीडी न्यूज, राज्यसभा टीवी, स्वयंप्रभा पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। प्रेस वार्ता में केन्द्रीय विद्यालय प्राचार्य भी मौजूद रहे।