Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

65 लाख की लागत से बनने वाली आरसीसी सड़क का शिलान्यास

  • सूरतगढ़ रोड पर राजकीय विद्यालय के पास 300 मीटर में होगा सड़क का निर्माण
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जंक्शन में सूरतगढ़ रोड पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के पास करीब 300 मीटर में निर्मित होने वाली आरसीसी सड़क के निर्माण कार्य का शिलान्यास बुधवार को नगर परिषद सभापति गणेश राज बंसल, नगर परिषद की निर्माण समिति के अध्यक्ष सुमित रणवां, पार्षद मंजू रणवां, परविन्द्र कौर व सुलोचना कंडा की ओर से किया गया। आरसीसी सड़क का निर्माण करीब 65 लाख रुपए की लागत से होगा। इस मौके पर नगर परिषद सभापति गणेश राज बंसल ने बताया कि पूर्व में सूरतगढ़ रोड पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के पास घुमावदार संकरा मोड था। इस पर पूर्व में विद्यालय की दीवार को हटाकर पीछे निर्माण करवाया गया। जिस जगह से दीवार पीछे हटाई गई वहां सड़क पर करीब 300 मीटर तक पानी एकत्रित होने की समस्या खड़ी हो गई। इस कारण सड़क क्षतिग्रस्त हो जाती थी। यह सड़क सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीन है लेकिन पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की ओर से हाथ खड़े करने पर नगर परिषद ने पानी का भराव होने वाले इस 300 मीटर के टुकड़े में आरसीसी रोड बनाने का भार अपने कंधों पर उठाया। करीब 65 लाख रुपए की लागत से नगर परिषद की ओर से सीसी रोड का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। सीसी रोड का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इस क्षेत्र में पानी भराव की समस्या दूर होगी। सभापति ने बताया कि पानी भराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए स्कूल की दीवार के पास वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाया गया है। यहां एकत्रित होने वाला बरसाती पानी वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के जरिए भूमिगत हो सकेगा। नगर परिषद की निर्माण समिति के अध्यक्ष व पार्षद सुमित रणवां ने बताया कि करीब 15 दिनों में सड़क का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का भी आरसीसी निर्माण करवाया गया है ताकि भारी वाहन गुजरने पर कोई नुकसान न हो। सड़क निर्माण कार्य के शिलान्यास मौके पर भारत भूषण कौशिक, शेरपाल सिंह, प्रदीप महर्षि, इकबाल गिल, दिनेश सहारण, दीक्षा, गुरप्रीत कौर, केके गुप्ता, श्रीराम कनोड़िया, धनुज रणवां, जसवीर खोसा, संदीप बिंदल, छगन अरोड़ा, ठेकेदार नीरज गोयल, गुरमेल सिंह, विनोद सारस्वत, प्रेम शर्मा, फूलचंद सेन, रमेश कंडा, विक्रांत, हरजिंद्र सिंह, रूपराम, हनुमान, संतलाल यादव इत्यादि मौजूद थे।