इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल के 15वें सीजन का छठा मैच कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला गया। इस मैच को आरसीबी ने जीता और फाफ डुप्लेसी की कप्तानी वाली टीम ने टूर्नामेंट में जीत का खाता खोला। आरसीबी को अपने पहले मैच में 200 से ज्यादा रन बनाने के बावजूद पंजाब किंग्स के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, कोलकाता के खिलाफ आरसीबी ने 3 विकेट से जीत दर्ज की। आरसीबी को आखिरी के दो ओवरों में जीत के लिए 17 रन चाहिए थे, लेकिन वेंकटेश अय्यर ने 19वें ओवर में 10 रन खर्च कर दिए। वहीं, दिनेश कार्तिक ने आंद्रे रसेल के आखिरी ओवर की पहली गेंद पर छक्का और दूसरी गेंद पर चौका जड़कर मैच फिनिश कर दिया।