Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

2 साल बाद फिर शुरू हुए ऑफलाइन बोर्ड एग्जाम, परीक्षा केंद्रों से बिजली गुल, अंधेरे-गर्मी से परेशान हुए स्टूडेंट्स

राजस्थान में गुरुवार को कक्षा 10 की बोर्ड की परीक्षा आयोजित हुई लेकिन परीक्षा केंद्रों से बिजली गायब होने से परीक्षा दे रहे बच्चों को गर्मी और अंधेरे से जूझना पड़ा। कोरोना संकट की वजह से 2 सालों से राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षा आयोजित नहीं हो पा रही थी। लेकिन इस साल दसवीं बोर्ड की परीक्षा ऑफलाइन गुरुवार से शुरू हुई। इस दौरान जमकर अव्यवस्थाएं भी देखने को मिलीं।

राजस्थान में पहले दिन अंग्रेजी का पेपर हुआ। प्रदेश में करीब 11 लाख बच्चे दसवीं बोर्ड परीक्षा में भाग ले रहे हैं। भरतपुर शहर में बनाए गए परीक्षा केंद्रों में ज्यादातर जगह बिजली गुल होने से काफी परेशानी हुई। परीक्षा देने आए बच्चे काफी खुश नजर आए लेकिन जब परीक्षा केंद्रों के अंदर परीक्षा देने लगे तो बिजली नहीं होने से अंधेरे और गर्मी से जूझना पड़ा। बच्चों ने कहा कि हमारी परीक्षा की पूरी तैयारी है मगर अब बिजली नहीं होने से अंधेरा है गर्मी से परेशान हैं।

बच्चों को हो रही काफी परेशानी
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बदन सिंह के प्राचार्य रतिराम भारती और मास्टर आदित्येन्द्र उच्च माध्यमिक विधायक के प्राचार्य शिव सिंह ने बताया कि 2 साल बाद बोर्ड परीक्षा आयोजित हो रही है। लेकिन परीक्षा केंद्रों में बिजली नहीं आ रही है जिससे परीक्षा केंद्रों में अंधेरा है। भीषण गर्मी के बीच बिजली नहीं आने से पंखे भी नहीं चल पा रहे हैं। जिससे बच्चों को काफी परेशानी हो रही है।