श्रीगंगानगर
मार्बल मिस्त्री की मौत के बाद परिजन गुरुवार को भी धरने पर बैठे रहे। मृतक के परिजन आरोपी की गिरफ्तारी पर अड़े हुए हैं। उनका कहना है जब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जाता शव नहीं उठाएंगे। मौत के चालीस घंटे बाद भी पोस्टमार्टम नहीं करवाया गया है। पुलिस लगातार समझाने की कोशिश कर रही है।
श्रीगंगानगर के गांव गद्दरखेड़ा के मार्बल मिस्त्री सतनाम सिंह के साथ मंगलवार शाम को मारपीट की गई थी। धरने पर बैठे परिजनों के पास गुरुवार सुबह डीएसपी ( रूरल ) भंवरलाल, एसडीएम दयानंद रोयल, सीआई सतवीर मीणा, तहसीलदार पूनम कंवर पहुंचे। मृतक के परिजनों से बातचीत कर समझाने का प्रयास किया। परिजनों का कहना था कि आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम करवाएंगे। पुलिस ने मामले में आरोपियों को राउंड अप किया हुआ है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
मारपीट के कारण हुई मौत
मार्बल मिस्त्री सतनाम सिंह के साथ मंगलवार शाम गांव धिंगतानिया में मारपीट की गई थी। उसके हाथ, पैर, सिर, पीठ पर इतना मारा गया कि शरीर पर नीले निशान पड़ गए। घायल के परिवार को भी हमलावरों ने ही फोन कर जानकारी दी। परिजनों ने मौके पर जाकर उसे संभाला तो शरीर पर गंभीर चोट थी। इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए मगर रास्ते ही युवक की मौत हो गई। उसके बाद परिजन शव को सादुलशहर की सीएचसी ले गए। परिजनों ने शव मोर्चरी में रखवाकर धरना दिया। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक धरना देने की चेतावनी दी। पोस्टमार्टम करवाने से भी मना कर दिया।