वर्ष प्रतिपदा उत्सव (हिंदू नव वर्ष) का आयोजन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से वर्ष प्रतिपदा उत्सव (हिंदू नव वर्ष) का आयोजन टाउन के आदर्श विद्या मंदिर में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता राजस्थान क्षेत्र प्रचारक निंबाराम थे। कार्यक्रम का प्रारंभ आद्य सरसंघचालक प्रणाम से किया गया। मुख्य वक्ता निंबाराम ने कहा कि बिखरे हिंदू समाज को संगठित करने के लिए ही डॉ. हेडगेवार ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की। उन्होंने कहा कि 97 वर्ष की कठोर साधना से संघ हिंदू समाज का दिल जीतने तथा पूरी दुनिया में अपनी विशेष पहचान बनाने में सफल रहा है। वर्ष प्रतिपदा हिंदू समाज के जागरण का दिन है। भारत की सनातन संस्कृति विश्व ने स्वीकार कर ली है। भारत अखंड होगा और विश्व गुरु बनेगा। उन्होंने सभी लोगों से देश के लिए जीना सीखने, हिंदुओं की संस्कृति के प्रति जागरूकता पर बल देते हुए स्वयंसेवकों से समाज के कल्याण के लिए कार्य करने, हिंदू संस्कृति का प्रचार-प्रसार करने का आह्वान करते हुए कहा कि हिंदू धर्म सबसे प्राचीन है और पूरे विश्व को राह दिखाता रहा है और भविष्य में भी दिखाता रहेगा। उन्होंने भारतीय कालगणना को सर्वाधिक पुरातन, श्रेष्ठ एवं पूर्णत: वैज्ञानिक बताया। कार्यक्रम में जिला कार्यवाह मनोज शर्मा की ओर से नए दायित्वों की घोषणा की गई। कार्यक्रम में काफी संख्या में स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में मौजूद रहे।