हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। आजादी के 75 वर्ष के उपलक्ष्य में शांति एवं अहिंसा निदेशालय के निर्देशानुसार दांडी मार्च दिवस पर बुधवार को जिला मुख्यालय पर गांधी जन कल्याण यात्रा का आयोजन किया जाएगा। गांधी जन कल्याण यात्रा के साथ दांडी यात्रा का समापन हुआ। गांधी जन कल्याण यात्रा कलक्ट्रेट में गांधी पार्क से शुरू होकर अग्रसेन भवन, लाल चौक होते हुए अम्बेडकर चौक पर पहुंचकर सम्पन्न हुई। इस यात्रा में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ कॉलेज व स्कूल के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। इससे पहले अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रतिभा देवठिया ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। गांधी जन कल्याण यात्रा के जरिए समाज में शांति, सौहार्द, समरसता का सन्देश दिया गया। अखंड भारत निर्माण और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जयकारे लगाते हुए दांडी यात्रा की शुरुआत की गई। इस यात्रा के आगे गांधीजी के प्रिय भजन चल रहे थे तो वहीं गांधीजी का रूप धारण किए हुए युवा आकर्षण का केन्द्र बने रहे। इस मौके पर एडीएम प्रतिभा देवठिया ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने दांडी यात्रा के जरिए नमक आंदोलन की शुरुआत की थी। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में दांडी मार्च सबसे प्रभावशाली प्रतीकात्मक आंदोलन रहा। गांधीजी के सत्य अहिंसा के आदर्श का पालन दुनियाभर के लोग करते हैं। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधीजी के सपनों को साकार करने के लिए आज एक भारत अखंड भारत के निर्माण के लिए सभी को एकजुट होने की जरूरत है। इस मौके पर नेहरू युवा केन्द्र की जिला युवा अधिकारी मधु यादव, जिला कलक्ट्रेट कार्यालय अधीक्षक बृजमोहन सोखल, मलकीत सिंह मान, गुरप्रीत सिंह आदि मौजूद थे।