बीकानेर
रविवार यानी 10 अप्रैल से 18 वर्ष से अधिक उम्र वाले सभी लोग तीसरी यानी प्रिकॉशन डोज लगवा सकेंगे। सरकार ने इस घोषणा के साथ ही फिलहाल यह व्यवस्था की है कि इस उम्र वालों को प्रिकॉशन डोज सिर्फ प्राइवेट हॉस्पिटलों में ही लगाई जाएगी। इसके लिए हॉस्पिटल डोज का चार्ज लेने के साथ ही सर्विस चार्ज भी लेंगे।
यह पाबंदी जरूर लगाई है कि निजी हॉस्पिटल सर्विस चार्ज के रूप में 150 रुपए से ज्यादा नहीं ले सकेंगे। शनिवार को केन्द्रीय स्वास्थ्य सचिव ने राज्यों के सचिवों के साथ वीसी में यह जानकारी साझा की है। बीकानेर में इस आदेश का कितना असर हो पाएगा यह अभी एक-दो दिन में साफ होगा। वजह, यहां पहले भी वैक्सीनेशन के लिए महज छह निजी हॉस्पिटल ही संबद्ध हुए। वहां भी वैक्सीनेशन नहीं के बराबर हुआ।
इससे इतर प्रिकॉशन डोज के प्रति आम लोगों की रूचि देखें तो बीकानेर में अब तक इस डोज के लिए पात्र 273243 में से 52992 यानी 19.4 प्रतिशत ने ही तीसरी डोज लगवाई है। ऐसे में इस श्रेणी में बीकानेर प्रदेश में 10वें नंबर पर है। हैरानी यह है कि यह डोज लगवाने में हैल्थ वर्कर से भी आगे फ्रंटलाइनर रहे जबकि बुजुर्गों ने ज्यादा रुचि नहीं दिखाई। अब तक की रिपोर्ट के मुताबिक 46 प्रतिशत फ्रंट लाइनर, 38.1 प्रतिशत हैल्थ केयर वर्कर और 15.5 प्रतिशत 60 वर्ष से अधिक वालों ने यह डोज लगाई है।