Wednesday, September 2निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

ERCP को लेकर कांग्रेस का आज प्रदर्शन, 13 जिलों की 86 सीटों पर BJP को घेरने की रणनीति

जयपुर

ईस्टर्न राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट (ERCP) को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी आज 13 जिलों में विरोध-प्रदर्शन करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। कांग्रेस आज प्रोजेक्ट से लाभांवित होने वाले 13 जिलों में विरोध-प्रदर्शन करेगी। मोदी सरकार की ओर से वादाखिलाफी और विश्वासघात के विरोध में प्रदर्शन किया जाएगा। ईस्टर्न कैनाल प्रोजेक्ट को लेकर हाल में सीएम अशोक गहलोत और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के बीच ट्वीटर वार हुआ था। केंद्रीय मंत्री शेखावत का कहना है कि प्रोजेक्ट को राष्ट्रीय परियोजना घोषित करने का पीएम मोदी ने कोई वादा नहीं किया था। इसके जवाब में कांग्रेस ने पीएम मोदी के भाषण का वीडियो साझा कर शेखावत पर जमकर निशाना साधा था। 

11 बजे कलेक्ट्रेट सर्किल पर धरना

राजधानी जयपुर में 11 बजे कलेक्ट्रेट सर्किल पर कांग्रेस के धरने में सीएम अशोक गहलोत, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।  ईस्टर्न राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट से 13 जिलों में पेयजल और सिंचाई का पानी मिलेगा।  इसमें अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाईमाधोपुर, दौसा, जयपुर, अजमेर, टोंक, बूंदी, कोटा, बारां और झालावाड़ जिला शामिल है। पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने ट्वीट कर ईस्टर्न कैनाल राष्ट्रीय परियोजना  घोषित नहीं करने को जनता की वादाखिलाफी और विश्वासघात बताया है। डोटासरा ने लिखा- ERCP हक है और लेकर रहेंगे।