श्रीगंगानगर (सीमा सन्देश)। राज्य सरकार द्वारा पुरानी पेंशन बहाली पर राजस्थान शिक्षक एवं पंचायतीराज कर्मचारी संघ द्वारा जिलाध्यक्ष इन्द्राज जाखड़ के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में सादुलशहर विधायक जगदीश चन्द्र जांगिड़ का शॉल ओढ़ाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंटकर अभिनंदन किया गया। श्रीगंगानगर पंचायत समिति प्रधान का भी सम्मान किया गया। पुरानी पेंशन बहाली के ऐतिहासिक निर्णय के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का आभार व्यक्त किया गया। पूर्व प्रदेशाध्यक्ष जगन वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा एनपीएस की जगह पुरानी पेंशन योजना लागू करके एवं विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कर्मचारियों के हित में सराहनीय कार्य किया गया है। प्रदेश संयुक्त मंत्री संजीव बेदी ने कहा कि सरकार ने शिक्षा हित व स्वास्थ्य हित के लिए नई योजनाओं द्वारा कर्मचारी वर्ग को लाभान्वित किया गया है। जिलाध्यक्ष इन्द्राज जाखड़ ने कहा कि पुरानी पेंशन योजना लागू करने से कर्मचारी वृद्धावस्था में अपना जीवनयापन सुचारू रूप से कर सकेंगे। सभी वक्ताओं ने राज्य सरकार द्वारा कर्मचारी हित में लिए गए इस निर्णय की सराहना की। इस अवसर पर जिला मंत्री केवलकृष्ण वर्मा, किशन लोहिया, अजय शर्मा, हंसराज, संजीव बेदी, उमेश लोहिया, कुलदीप सिंह, बाबूलाल, जगदीश लोहिया, रामचन्द शर्मा सहित संगठन पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।