नई दिल्ली
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन इस हफ्ते भारत के दौरे पर जा रहे हैं. यूक्रेन संकट को लेकर अलग रुख पर अड़े रहे भारत के बारे में हाल ही में ब्रिटेन के कई नेताओं के तल्ख बयान आए थे.ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन इस गुरुवार को भारत दौरे पर पहुंचेंगे. घरेलू मोर्चे पर कई समस्याओं से घिरे जॉनसन को भारत में कुछ राहत की उम्मीद होगी, क्योंकि स्वदेश में वह इस्तीफे जैसी मांगों के अलावा भारतीय मूल के अपने वित्त मंत्री ऋषि सूनक की पत्नी के रूस से संबंधों के कारण भी परेशानियां झेल रहे हैं. जॉनसन के कार्यालय द्वारा जारी की गईं सूचनाओं के मुताबिक प्रधानमंत्री अपनी भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत करने के लिए कई मुद्दों पर बातचीत करेंगे. यात्रा के दौरान जॉनसन की भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात होगी, जिसमें दोनों देशों के बीच ‘रणनीतिक रक्षा, राजनयिक संबंधों और आर्थिक साझेदारी' पर चर्चा होगी. मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत ब्रिटिश प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि जॉनसन दोनों देशों के बीच मुक्त व्यापार समझौते को लेकर भी जोर लगाएंगे. ब्रेक्जिट के बाद ब्रिटेन को इस समझौते से खासी उम्मीद है.