Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

ताकि हर व्यक्ति तक पहुंचे निरोगी की धारणा

  • हनुमानगढ़ मुख्यालय से हुआ ब्लॉक स्वास्थ्य मेला का आगाज
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    आमजन को एक ही छत के नीचे स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाने के उद्देश्य से जिले के सातों ब्लॉक में लगाए जाने वाले स्वास्थ्य मेलों के आयोजन की शुरूआत सोमवार को हनुमानगढ़ से हुई। हनुमानगढ़ मुख्यालय पर टाउन स्थित महात्मा गांधी स्मृति राजकीय जिला चिकित्सालय परिसर में आयोजित हुए ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य मेला का उद्घाटन विधायक चौधरी विनोद कुमार, जिला प्रमुख कविता मेघवाल, जिला कलक्टर नथमल डिडेल, पंचायत समिति प्रधान प्रतिनिधि दयाराम जाखड़, जिला अहिंसा बोर्ड के सह संयोजक तरुण विजय, भूपेन्द्र चौधरी और कैम्प की मॉनिटरिंग के लिए राज्यस्तर से आर्इं डॉ. मनीषा चौधरी की ओर से किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में मौजूद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम का जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने उत्साहवर्धन किया। उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक चौधरी विनोद कुमार ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री जनता के स्वास्थ्य के प्रति काफी गंभीर हैं। इसी उद्देश्य से आज से प्रदेश के जिलों में सभी ब्लॉक पर स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसलिए क्षेत्र के अधिकाधिक लोग स्वास्थ्य मेले का लाभ उठाएं। विधायक ने कहा कि किसी भी बीमारी की शुरू में ही जांच करवा लें और दवा ले लें तो बीमारी पर काबू पाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जिले में अब मेडिकल कॉलेज के साथ 315 बेड का अस्पताल, जिला अस्पताल में 20 बेड का आईसीयू स्थापित किया गया है। जिला प्रमुख कविता मेघवाल ने स्वास्थ्य मेले के बेहतरीन आयोजन को लेकर सीएमएचओ और उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए आमजन को इन ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य मेले का लाभ उठाने का आह्वान किया। जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने कहा कि भारत और राज्य सरकार के दिशा-निर्देशानुसार आयुष्मान भारत हेल्थ वेलनेस सेंटर कार्यक्रम के तहत ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य मेला का उद्घाटन हनुमानगढ़ मुख्यालय पर किया गया है। जिले में सभी पंचायत समिति मुख्यालयों पर 30 अप्रेल तक स्वास्थ्य मेले आयोजित होंगे। इन मेलों को आयोजित करने के पीछे का मकसद आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और निरोगी की धारणा को हर व्यक्ति तक पहुंचाना है ताकि व्यक्ति जीवनशैली में परिवर्तन के साथ आने वाले बदलाव और बीमारियों के प्रति सजग रहे। ज्यादातर व्यक्तियों की स्क्रीनिंग हो। 30 से अधिक उम्र के व्यक्तियों की पूर्ण स्वास्थ्य जांच हो, उनकी हेल्थ आईडी बने। दिव्यांगजनों के सर्टिफिकेट बनें। कोविड-19 वैक्सीनेशन से वंचित लोगों का वैक्सीनेशन हो। कुल मिलाकर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से दी जाने वाली सम्पूर्ण सुविधाएं एक ही छत्त के नीचे प्रदान करना इस ब्लॉक स्वास्थ्य मेले का मुख्य उद्देश्य है। जिला कलक्टर डिडेल ने बताया कि ब्लॉक स्वास्थ्य मेले विशेष दिन के अलावा भी चिकित्सा संस्थान में सम्पूर्ण जाचें और सुविधाएं नि:शुल्क रूप से उपलब्ध हैं। यह बजट की एक महत्वपूर्ण घोषणा है। डिडेल ने आमजन से अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार का नशा नहीं करें। समय-समय पर अपनी स्क्रीनिंग आवश्यक रूप से करवाएं। जिला अहिंसा बोर्ड के सह संयोजक तरुण विजय ने कहा कि मेलों के बारे में तो हमेशा ही सुनते आए हैं। लेकिन सरकार, आमजन को समय पर इलाज प्रदान करने को लेकर ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य मेले आयोजित कर रही है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि सरकार की प्राथमिकता है कि आमजन के घर-घर तक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों, इसी के तहत पहल की गई है कि स्वास्थ्य मेला लगाकर एक ही छत्त के नीचे स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाई जाएं। उन्होंने बताया कि जिले के सभी सातों ब्लॉक में 30 अप्रेल तक स्वास्थ्य मेले आयोजित किए जाएंगे। एक दिन में एक ब्लॉक में स्वास्थ्य मेला आयोजित होगा। स्वास्थ्य मेले के उद्घाटन कार्यक्रम में पीआरओ सुरेश बिश्नोई, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. रविशंकर शर्मा, बीसीएमओ डॉ. ज्योति धींगड़ा, कार्यवाहक पीएमओ डॉ. चन्द्रमोहन ढालिया, बीडीओ छगनलाल बरायच, सीबीईओ रोहिताश कड़वासरा, परीवीक्षा एवं कारागृह कल्याण अधिकारी अंकिता गर्ग, सीडीपीओ सुनीता शर्मा, डीपीएम रचना चौधरी, जितेन्द्रसिंह, डीएनओ सुधीर जांगीड़, सीओ आईईसी मनीष शर्मा, पीसीपीएनडीटी के संदीप बिश्नोई, चिरंजीवी डीपीसी अनीस गांधी समेत महिला एवं बाल विकास विभाग की महिला पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद थे।