चंडीगढ़
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को बिना इजाजत शहर में पोस्टर और बैनर लगाना भारी पड़ गया है। चंडीगढ़ नगर निगम ने इसे लेकर वडिंग को नोटिस भेजा है और उन पर 29,390 रुपए का जुर्माना लगाया है। दरअसल, चंडीगढ़ के सेक्टर-15 स्थित कांग्रेस भवन में शुक्रवार को पंजाब के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष वड़िंग का शपथ ग्रहण समारोह था। इसे लेकर उनके स्वागत के लिए नियमों को दरकिनार करते हुए पेड़ों पर पोस्टर और बैनर लगाए गए थे।
आयुक्त आनिंदिता मित्रा के निर्देश पर निगम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी पोस्टरों को जब्त कर लिया। मालूम हो कि इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के शपथ ग्रहण समारोह में भी ऐसा ही हुआ था, लेकिन निगम कोई कार्रवाई नहीं कर सका था। इसे लेकर कई तरह के सवाल उठे थे। चंडीगढ़ नगर निगम समेत सीएम चन्नी की भी काफी आलोचना हुई थी।
वडिंग ने दिया 3डी का मंत्र
पदभार ग्रहण करने के बाद वडिंग ने कहा कि पार्टी को मजबूत करने और चुनौतियों का सामना करने के लिए अनुशासन, समर्पण और संवाद’ जरूरी है। 3डी का मंत्र देते हुए पंजाब के पूर्व परिवहन मंत्री वडिंग ने चेताया कि कांग्रेस को कमजोर करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।