दो सिम और तम्बाकू पदार्थ बंद टेप लिपटे पैकेट भी बरामद हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जिला कारागृह की तलाशी में जेल प्रशासन को बंदियों के पास से 3 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। साथ ही 2 सिम व टेप लिपटे पैकेट भी बरामद हुए हैं। पैकेट में तम्बाकू पदार्थ बताया जा रहा है। जेल प्रशासन ने बंदियों के पास से मिली आपत्तिजनक वस्तुएं जंक्शन पुलिस को सुपुर्द कर पांच बंदियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। जानकारी के अनुसार जिला कारागृह के मुख्य प्रहरी विकास कुमार पुत्र नेमनदास सिंधी निवासी नई आबादी, गली नम्बर 22, टाउन ने रिपोर्ट दी कि शुक्रवार को दोपहर करीब एक बजे जेल प्रशासन की ओर से तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान जेल में बंद बंदी शाहजहां पुत्र आमीन के पास से 1 मोबाइल फोन, अनवर पुत्र मुंसफ अली के पास से 1 मोबाइल फोन तथा कुरबान खां पुत्र सरदार खां के पास से 1 मोबाइल फोन जबकि श्योकत अली पुत्र इशाक खां के पास से काली टेप लिपटे 2 पैकेट तथा बंदी इलियास खां पुत्र अल्लादीन के पास से 1 सिम बरामद हुई। बरामद तीन मोबाइल फोन में से एक में सिम थी। पुलिस ने पांचों बंदियों के खिलाफ कारागृह अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई कृष्णलाल बिश्नोई कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार पांचों बंदियों को जिला कारागृह से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर पूछताछ की जाएगी। उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि बरामद मोबाइल फोन सहित अन्य आपत्तिजनक वस्तुएं उन तक कैसे पहुंची। गौरतलब है कि जिला कारागृह में समय-समय पर चलाए जाने वाले तलाशी अभियान के दौरान बंदियों के पास से आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं रहा। जेल प्रशासन के तमाम प्रयासों के बावजूद बंदियों तक मोबाइल फोन सहित अन्य आपत्तिजनक वस्तुएं पहुंच रही हैं। इसी माह 8 अप्रेल को जिला कारागृह में जेल व आरएसी स्टाफ की ओर से चलाए गए सर्च अभियान में बंद सुभाष नामक बंदी के पास से तीन मोबाइल फोन बरामद हुए थे। इस संबंध में भी जंक्शन पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज करवाया गया।