दूसरे दिन भी जारी रहा ट्रक आॅपरेटरों का धरना हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। ओवरलोडिंग व अनाधिकृत वाहनों पर रोक लगाने की मांग को लेकर ट्रक आॅपरेटर यूनियन के सदस्यों का बेमियादी धरना शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। टाउन में बाइपास रोड पर स्थित शंकर धर्मकांटा के सामने चल बेमियादी धरने पर बैठे ट्रक आॅपरेटरों ने शनिवार को पुलिस और परिवहन विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरनास्थल पर हुई बैठक में इस आंदोलन को जिला स्तर पर चलाने का निर्णय लिया गया। हनुमानगढ़ के अलावा पीलीबंगा, टिब्बी, गोलूवाला, नोहर, भादरा, संगरिया की ट्रक आॅपरेटर यूनियन को साथ लेकर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई। इस मौके पर यूनियन के लीलाधर शर्मा ने कहा कि न तो परिवहन और न ही पुलिस विभाग की ओर से अवैध रूप से चल रही ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियां व अन्य वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। आज भी अनाधिकृत रूप से ओवरलोड वाहन चल रहे हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को ट्रक आॅपरेटर यूनियन का प्रतिनिधिमंडल टाउन थाना प्रभारी से मिलने गया था। थाना प्रभारी ने प्रतिनिधिमंडल के साथ बदतमीजी की। उन्हें हवालात में डालने की धमकी दी। गलत शब्दों का इस्तेमाल किया। एक अधिकारी को आम आदमी के साथ इस प्रकार का व्यवहार शोभा नहीं देता। धरने पर ट्रक आॅपरेटर यूनियन प्रधान जुगल राठी के नेतृत्व में कई ट्रक आॅपरेटर मौजूद थे।