गांव फतेहगढ़ खिलेरीबास के ग्रामीणों ने विधायक को सौंपा ज्ञापन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। ग्राम पंचायत में महात्मा गांधी अंग्रेजी विद्यालय शुरू करवाने की मांग को लेकर गांव फतेहगढ़ खिलेरीबास के ग्रामीणों ने सोमवार को विधायक चौधरी विनोद कुमार को ज्ञापन सौंपा। महेन्द्रसिंह खिलेरी के नेतृत्व में विधायक से मिले ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत फतेहगढ़ खिलेरी बास (29 एसएसडब्ल्यू) में हिन्दी माध्यम के तीन स्कूल संचालित हैं। इनमें से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय फतेहगढ़, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय फतेहगढ़ व राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय 29 एसएसडब्ल्यू है। तीनों स्कूल ग्राम पंचायत फतेहगढ़ के चक 29 एसएसडब्ल्यू खिलेरीबास में स्थित हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की बजट घोषणा अनुसार 2022-23 में 5000 से अधिक आबादी वाले गांवों में महात्मा गांधी अंग्रेजी विद्यालय खोले जाने हैं। ग्राम पंचायत फतेहगढ़ खिलेरीबास में महात्मा गांधी अंग्रजी विद्यालय खोले जाने की आवश्यकता है। उन्होंने मांग की कि गांव में स्थित राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय 29 एसएसडब्ल्यू (फतेहगढ़ खिलेरीबास) को महात्मा गांधी अंग्रेजी विद्यालय बनाया जाए। क्योंकि यह विद्यालय महात्मा गांधी अंग्रेजी विद्यालय बनने की सभी शर्तंे व मापदण्ड पूरे करता है। अन्य कोई आवश्यकता होगी तो ग्राम पंचायत अपने स्तर पर समाधान करेगी। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में अंग्रेजी माध्यम स्कूल खुलने से ग्रामीण परिवेश के बच्चों को अंग्रेजी माध्यम में पढ़ने का सौभाग्य मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांव-गांव तक हर बच्चे तक शिक्षा पहुंचाने का प्रयास कर रही है। इसी के तहत गांव फतेहगढ़ खिलेरीबास में महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोलकर गांव के ग्रामीणों की मांग पूरी की जाए। इस मौके पर कृषि उपज मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष अरुण खिलेरी, जिला परिषद सदस्य मनीष गोदारा, महावीर खिलेरी, मांगीलाल स्वामी, नौरंग चांवरिया, नरसिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।