Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

एनडीपीएस एक्ट प्रकरण में मुख्य सप्लायर गिरफ्तार

हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जिले की रावतसर पुलिस ने नशीली टेबलेट बरामदगी प्रकरण में कार्रवाई करते हुए मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। जानकारी के अनुसार नोहर पुलिस ने 17 जनवरी 2022 को बाइक सवार दो जनों के कब्जे से नशे में इस्तेमाल होने वाली 11 हजार 200 टेबलेट बरामद की थी। मौके से गजेन्द्र कुमार उर्फ गजानन्द (45) पुत्र राधेश्याम अग्रवाल निवासी मंडी आदमपुर जिला हिसार हरियाणा हाल वार्ड 22, नोहर और अल्ताफ खां (28) पुत्र मोहम्मद यूनुस निवासी वार्ड 32, हाल वार्ड 28 नोहर को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने नशीली टेबलेट इकलाख पुत्र सुमन खां निवासी साहवा रोड नोहर व मोहम्मद राउफ पुत्र मोहम्मद फारूख निवासी वार्ड 18, नोहर से खरीदकर लाने की बात स्वीकारी। इस खुलासे के बाद पुलिस ने सप्लायरों की धरपकड़ के प्रयास शुरू किए। मामले की जांच रावतसर थाना प्रभारी को सौंपी गई। इस मामले में कार्रवाई करते हुए रावतसर पुलिस ने नशीली टेबलेट के मुख्य सप्लायर मोहम्मद राउफ (26) पुत्र मोहम्मद फारूख निवासी वार्ड 13, नोहर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है।