Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

सीएचए की मांगों के समर्थन में कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन

  • नौकरी मुहैया कराने की मांग का मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    नौकरी मुहैया कराने की मांग को लेकर जयपुर में आंदोलन कर रहे कोविड स्वास्थ्य सहायकों की मांग के समर्थन में सोमवार को स्टूडेंट फेडरेशन आॅफ इंडिया की ओर से प्रदेशव्यापी आह्वान पर जिला कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद बेरोजगार सीएचए को नौकरी देने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। इस मौके पर एसएफआई के राज्य उपाध्यक्ष महेन्द्र शर्मा ने कहा कि जिन युवाओं ने कोविड काल में अपनी जान पर खेलकर सेवाएं दी। उन युवाओं को राजस्थान सरकार ने बाहर कर दिया। इससे सभी युवा बेरोजगार हो गए। इसके विरोध में कोविड स्वास्थ्य सहायक जयपुर में शहीद स्मारक पर पिछले 32 दिन से धरने पर बैठे हैं। इस भयंकर गर्मी में धरना-प्रदर्शन करने के बावजूद सरकार युवाओं को लेकर गंभीर नहीं है। राजस्थान की सरकार आंख मूंदकर बैठी है। उन्होंने कहा कि पहले सरकार ने नौकरी का झांसा देकर युवाओं से काम करवाया। 31 मार्च को सरकार ने सीएचए को हटा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के नाम पर सरकार झूठ की राजनीति कर रही है। लेकिन राजस्थान का कोविड स्वास्थ्य सहायक लावारिस नहीं है। एसएफआई कार्यकर्ता आज पूरे प्रदेश में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर बताना चाहता है कि वह कोविड स्वास्थ्य सहायकों के साथ खड़ा है। इसलिए सरकार से मांग है कि राजस्थान में बढ़ती बेरोजगारी को दूर करने के लिए सभी को नौकरी मुहैया करवाए। अन्यथा एसएफआई इस आंदोलन को तेज करेगी। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम सौंपे गए ज्ञापन में सीएचए को संविदा भर्ती कैडर 2022 में शामिल करने, पदनाम नर्स 2 करने व सम्मानजनक वेतन देने की मांग की गई। इस मौके पर एसएफआई जिला सचिव मंडल सदस्य यश चिलाना, तहसील महासचिव गुरदास सिंह, मोहित इन्सां, आकाश चिलाना, अमर सुधार, कुलदीप मेघवाल, गुरदीप सिंह, वंश कुमार, नवनीत, सोनू, धर्मवीर सिंह, अमृतपाल कौर, भूपेंद्र जिनागल, सुखजीत कौर, अनिल कुमार, पुनीत नारायण, सरोज, समेस्ता, सुमन आदि मौजूद थे।